Home > मनोरंजन > Aari Aari song Dhurandhar 2: ट्रेलर में छाया ‘आरी आरी’ गाना हुआ रिलीज, ‘धुरंधर 2’ में रैप और बीट्स ने बढ़ाया जोश

Aari Aari song Dhurandhar 2: ट्रेलर में छाया ‘आरी आरी’ गाना हुआ रिलीज, ‘धुरंधर 2’ में रैप और बीट्स ने बढ़ाया जोश

Aari Aari song Dhurandhar 2: फिल्म धुरंधर 2 का चर्चित गाना ‘आरी आरी’ रिलीज हो गया है, जिसने ट्रेलर में ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया था. यह गाना 2007 में आए बॉम्बे रॉकर्स के इंडी-पॉप ट्रैक का रीमेक है, जिसमें पंजाबी लोकगीत ‘बारी बरसी’ के लिरिक्स और नए रैप का दमदार मेल देखने को मिलता है.

By: Ranjana Sharma | Published: March 12, 2026 3:39:33 PM IST



Aari Aari song Dhurandhar 2:  फिल्म धुरंधर 2 का ट्रेलर आने के बाद जिस गाने ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी थी, अब वह पूरा ट्रैक रिलीज हो गया है. मेकर्स ने फिल्म का गाना ‘आरी आरी’ जारी कर दिया है, जिसे ट्रेलर की जान बताया जा रहा था. ट्रेलर में सुनाई देने वाले इस गाने की बीट्स और रैप ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया था, और अब पूरा गाना सामने आने के बाद इसकी चर्चा और तेज हो गई है.

19 साल पुराना गाना फिर हिट

यह गाना दरअसल 19 साल पुराने इंडी-पॉप ट्रैक ‘आरी आरी’ का रीमेक वर्जन है. मूल गाना डेनिश-इंडियन म्यूजिक बैंड बॉम्बे रॉकर्स ने अपने 2007 के एल्बम इंट्रोड्यूसिंग में इस्तेमाल किया था. उस समय यह गाना काफी लोकप्रिय हुआ था और आज भी कई लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल है.

पंजाबी लोकगीत से बना फिल्मी धमाका

गाने की खास बात यह है कि इसकी शुरुआत में सुनाई देने वाले ‘बारी बरसी’ जैसे लिरिक्स पंजाब के लोकप्रिय लोकगीत से लिए गए हैं. यह लोकगीत उन लोगों की घर वापसी से जुड़ा माना जाता है जो काम करने के लिए विदेश जाते हैं. पंजाबी संगीत के कई दिग्गज कलाकार जैसे गुरदास मान और अमर सिंह चमकीला भी अलग-अलग समय पर अपने गीतों में इन लिरिक्स का इस्तेमाल कर चुके हैं. धुरंधर 2 के लिए इस गाने को म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेव ने नए अंदाज में तैयार किया है. गाने में भारतीय रैपर रेबल और अमेरिकी रैपर टोकन का रैप भी जोड़ा गया है, जिसने ट्रैक को और ज्यादा दमदार बना दिया है. खासकर रैप की शुरुआती लाइन-“मेरे पिता ने मुझे विजेता बनने के लिए पाला है…”-फिल्म के मुख्य किरदार हमजा के आक्रामक अंदाज को दिखाती है.

रैप और बीट्स ने बढ़ाया तापमान

गाने का वीडियो भी फिल्म के एक्शन और जासूसी माहौल को मजबूत करता है. इसमें रणवीर सिंह दो अलग-अलग अवतारों में नजर आते हैं-एक जासूस हमजा के रूप में और दूसरा जसकीरत सिंह रांगी के किरदार में. दोनों ही रूपों में उनका अंदाज काफी तीखा और हिंसक दिखाया गया है. फिल्म के ट्रेलर में भी पूरा माहौल इसी गाने पर सेट किया गया था. तेज बीट्स, रैप और एक्शन सीक्वेंस ने ट्रेलर को और ज्यादा प्रभावशाली बना दिया था. अब पूरा गाना रिलीज होने के बाद फैंस इसे लगातार सुन रहे हैं और सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है.

ट्रेलर की जान अब रिलीज

‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी के गाने पहले भी काफी लोकप्रिय रहे हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि ‘आरी आरी’ के साथ फिल्म के म्यूजिक एल्बम की धमाकेदार शुरुआत हो गई है. अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि फिल्म के बाकी गाने किस तरह का म्यूजिकल धमाका लेकर आते हैं.

Advertisement