Home > शिक्षा > NEET UG 2026 Preparation Tips: नीट यूजी की तैयारी कैसे करें? जानिए वो खास टिप्स जिनसे मिल सकती है टॉप रैंक

NEET UG 2026 Preparation Tips: नीट यूजी की तैयारी कैसे करें? जानिए वो खास टिप्स जिनसे मिल सकती है टॉप रैंक

NEET UG 2026 Preparation Tips: नीट यूजी 2026 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए सही रणनीति, समय प्रबंधन, एनसीईआरटी आधारित पढ़ाई और नियमित मॉक टेस्ट बेहद जरूरी हैं. आवेदन प्रक्रिया में भी सावधानी बरतना जरूरी है, क्योंकि छोटी गलती भी भविष्य में समस्या बन सकती है.

By: Ranjana Sharma | Published: March 5, 2026 4:56:09 PM IST



NEET UG 2026 Preparation Tips: देश में चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले लाखों छात्रों के लिए नीट यूजी सबसे अहम परीक्षा मानी जाती है. वर्ष 2026 की परीक्षा को लेकर तैयारी का दौर शुरू हो चुका है और इसके साथ ही आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा की तैयारी जितनी जरूरी है, उतना ही महत्वपूर्ण आवेदन प्रक्रिया को सही तरीके से पूरा करना भी है. कई बार छात्र पढ़ाई पर तो पूरा ध्यान देते हैं, लेकिन आवेदन के दौरान की गई छोटी गलती आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकती है.

आवेदन करते समय रखें विशेष सावधानी

फॉर्म भरते समय छात्रों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, श्रेणी और परीक्षा केंद्र से जुड़ी जानकारी ध्यान से भरनी चाहिए. जल्दबाजी में की गई गलती बाद में सुधारना मुश्किल हो सकता है. आवेदन के समय 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड और यदि लागू हो तो श्रेणी प्रमाणपत्र साथ रखना जरूरी है. साथ ही फोटो और हस्ताक्षर का आकार निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार होना चाहिए. फॉर्म सबमिट करने से पहले पूरी जानकारी को कम से कम दो बार जांच लेना बेहतर माना जाता है.

जरूरी है सही टाइम मैनेजमेंट

नीट का पाठ्यक्रम काफी व्यापक होता है, इसलिए बिना योजना के पढ़ाई करने से कई महत्वपूर्ण अध्याय छूट सकते हैं. विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि छात्र आवेदन के बाद तुरंत एक व्यवस्थित टाइम-टेबल बनाएं. कोशिश यह होनी चाहिए कि पूरा सिलेबस परीक्षा से कम से कम तीन महीने पहले पूरा हो जाए, ताकि अंतिम चरण में केवल रिविजन और मॉक टेस्ट पर ध्यान दिया जा सके.

एनसीईआरटी से मजबूत होती है नींव

नीट परीक्षा का अधिकतर हिस्सा राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद यानी एनसीईआरटी की किताबों पर आधारित होता है. खासकर जीवविज्ञान में एनसीईआरटी की लाइनें तक महत्वपूर्ण मानी जाती हैं. वहीं रसायन विज्ञान और भौतिकी में ये किताबें अवधारणाओं को मजबूत करने में मदद करती हैं. इसलिए छात्रों को पहले एनसीईआरटी को अच्छी तरह पढ़ने और समझने पर ध्यान देना चाहिए.

ऐसे बढ़ सकती है सफलता की संभावना

अध्ययन के साथ-साथ नियमित रिविजन और मॉक टेस्ट देना भी बेहद जरूरी है. इससे छात्रों को अपनी तैयारी का स्तर समझने में मदद मिलती है. विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि जीवविज्ञान के डायग्राम, रसायन विज्ञान की महत्वपूर्ण रिएक्शन और भौतिकी के सूत्रों के चार्ट बनाकर अध्ययन कक्ष में लगाएं. अंतिम समय में ये संक्षिप्त नोट्स काफी उपयोगी साबित होते हैं.

परीक्षा को विकल्प नहीं, लक्ष्य मानें

नीट परीक्षा में प्रयासों की सीमा नहीं होने के कारण कई छात्र इसे हल्के में ले लेते हैं और सोचते हैं कि अगर इस साल सफलता नहीं मिली तो अगले साल फिर कोशिश कर लेंगे. लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार यह सोच तैयारी की गंभीरता को कमजोर कर सकती है. इसलिए छात्रों को इस परीक्षा को एकमात्र लक्ष्य मानकर पूरी लगन और अनुशासन के साथ तैयारी करनी चाहिए.

Advertisement