Home > दिल्ली > Delhi Metro Connectivity:दिल्ली-मेरठ सफर में होने जा रहा बड़ा बदलाव! नमो भारत कॉरिडोर को लेकर आई बड़ी खबर

Delhi Metro Connectivity:दिल्ली-मेरठ सफर में होने जा रहा बड़ा बदलाव! नमो भारत कॉरिडोर को लेकर आई बड़ी खबर

82.15 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के पूरा होने पर यात्रियों को दिल्ली मेट्रो के चार स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए खंडों का उद्घाटन करेंगे. साथ ही एनसीआरटीसी ने डीएमआरसी और आईआरसीटीसी के साथ समझौता कर एकीकृत क्यूआर टिकटिंग व्यवस्था शुरू की है, जिससे नमो भारत, मेट्रो और रेलवे के बीच सफर और आसान हो जाएगा.

By: Ranjana Sharma | Published: February 21, 2026 6:16:39 PM IST



Delhi-Ghaziabad-Meerut Namo Bharat Corridor: 82.15 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के चालू होने के बाद यात्रियों को दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के चार स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी. फिलहाल न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ के बीच लगभग 55 किलोमीटर का हिस्सा ही परिचालन में है. इस खंड में गाजियाबाद, आनंद विहार और न्यू अशोक नगर पर तीन मेट्रो इंटरचेंज उपलब्ध हैं.

पीएम करेंगे नए खंडों का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यू अशोक नगर से सराय काले खां के बीच 5 किलोमीटर लंबे खंड और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर लंबे खंड का उद्घाटन करेंगे. इन दोनों हिस्सों के शुरू होते ही पूरा नमो भारत कॉरिडोर चालू हो जाएगा.

सराय काले खां बनेगा प्रमुख मल्टी-मॉडल हब

सराय काले खां इस कॉरिडोर का आरंभिक स्टेशन है और उद्घाटन के साथ चालू होने वाले चार स्टेशनों में शामिल है. इसे एक महत्वपूर्ण बहु-परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है. यहां से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड से सीधा जुड़ाव मिलेगा. मेरठ में स्थित शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन भी इसी अवसर पर शुरू किए जाएंगे.

नमो भारत और दिल्ली मेट्रो की एकीकृत क्यूआर टिकटिंग

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने डीएमआरसी के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं. इसके तहत एकीकृत टिकटिंग प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे यात्री नमो भारत और दिल्ली मेट्रो दोनों सेवाओं के लिए क्यूआर कोड आधारित टिकट दोनों में से किसी भी मोबाइल ऐप के जरिए बुक कर सकेंगे.

भारतीय रेलवे से भी जुड़ी टिकटिंग व्यवस्था

एनसीआरटीसी ने इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) के साथ भी समझौता किया है. अब नमो भारत ऐप पर उपलब्ध आईआरसीटीसी आइकन के माध्यम से यात्री सीधे भारतीय रेलवे के टिकट बुक कर सकेंगे. वहीं, आईआरसीटीसी रेल कनेक्ट ऐप पर ट्रेन टिकट बुक करने के बाद यात्री एनसीआरटीसी आइकन पर क्लिक कर नमो भारत के टिकट भी आसानी से ले सकेंगे.

यात्रा होगी सुगम 

इस नई व्यवस्था से नमो भारत, दिल्ली मेट्रो और भारतीय रेलवे के बीच बेहतर तालमेल और सुगम यात्रा सुनिश्चित होगी. यात्रियों को एक ही प्लेटफॉर्म से विभिन्न परिवहन सेवाओं का लाभ मिलेगा, जिससे सफर अधिक सरल और सुविधाजनक बनेगा.

Advertisement