Ashwin criticise Hardik Pandya: मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का प्रदर्शन IPL 2026 (Indian Premier League) में अब तक उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है. हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की कप्तानी में टीम ने पहले मैच में जीत हासिल की, लेकिन इसके बाद लगातार तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा. वानखेड़े स्टेडियम में RCB (Royal Challengers Bengaluru) के खिलाफ मिली हार ने टीम की कमजोरियों को उजागर कर दिया.
अश्विन का पांड्या पर तीखा हमला
भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने इस हार के लिए सीधे तौर पर हार्दिक पांड्या को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कप्तानी के फैसलों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह रणनीतिक रूप से कमजोर प्रदर्शन था. अश्विन के मुताबिक, कप्तान के तौर पर पांड्या को मैच की स्थिति और विपक्षी बल्लेबाजों की ताकत को बेहतर समझना चाहिए था, लेकिन ऐसा देखने को नहीं मिला.
रजत पाटीदार के खिलाफ गलत रणनीति
अश्विन ने खास तौर पर रजत पाटीदार (Rajat Patidar) के खिलाफ अपनाई गई रणनीति पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि पाटीदार स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ बेहद मजबूत बल्लेबाज हैं, फिर भी हार्दिक पांड्या ने महत्वपूर्ण समय पर स्पिनर मयंक मारकंडे को गेंद थमा दी. उन्होंने 2024 के एक मैच का उदाहरण देते हुए बताया कि पाटीदार पहले भी स्पिनरों की धुनाई कर चुके हैं. इसके बावजूद वही गलती दोहराना समझदारी नहीं थी.
मैच का टर्निंग पॉइंट
मैच के दौरान पाटीदार 11वें ओवर में बल्लेबाजी करने आए और 12वें ओवर में मार्कंडे के खिलाफ लगातार तीन छक्के जड़ दिए. उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों में 53 रनों की तेज पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 240 रन बनाए, जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस 222 रन ही बना सकी और 18 रन से हार गई. इस हार के बाद पांड्या की कप्तानी पर सवाल और भी तेज हो गए हैं.