Home > बिहार > नया सीएम कौन? नीतीश कुमार के राज्यसभा जानें पर बाहुबली नेता अनंत सिंह ने किसका नाम लिया

नया सीएम कौन? नीतीश कुमार के राज्यसभा जानें पर बाहुबली नेता अनंत सिंह ने किसका नाम लिया

Anant Singh on CM: अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले से पूरा बिहार दुखी है, लेकिन यह कदम राज्य के विकास के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.

By: Shubahm Srivastava | Published: March 31, 2026 5:20:09 PM IST



Anant Singh on Nitish kumar: बिहार में इस वक्त नीतीश कुमार और नए सीएम को लेकर काफी हल्ला मचा हुआ है. इसके अलावा नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद से कई सारे कयास लगाए जा रहे हैं. वहीं अब इसको लेकर बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले से पूरा बिहार दुखी है, लेकिन यह कदम राज्य के विकास के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. उनके अनुसार, नीतीश कुमार दिल्ली जाकर भी बिहार के विकास के लिए तेजी से काम करेंगे.

पहले ही लग गया था अंदाजा

एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए अनंत सिंह ने बताया कि विधान परिषद की सदस्यता छोड़ने से एक दिन पहले वह नीतीश कुमार से मिलने गए थे. उसी समय उन्हें अंदाजा हो गया था कि नीतीश अपना फैसला नहीं बदलेंगे. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता चाहती थी कि नीतीश कुमार पांच साल तक मुख्यमंत्री बने रहें, क्योंकि उन्हें भारी जनादेश मिला था, लेकिन अब उन्होंने राज्यसभा जाने का निर्णय ले लिया है.

खरमास के बाद इस्तीफा तय?

जब उनसे पूछा गया कि क्या 14 अप्रैल (खरमास के बाद) नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ देंगे, तो अनंत सिंह ने साफ कहा कि ऐसा होगा. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ही अंतिम फैसला लेने वाले हैं और वही तय करेंगे कि कब पद छोड़ना है. उनके इस बयान से बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है.

नया सीएम कौन होगा?

सीएम पद को लेकर अनंत सिंह ने अपनी पसंद भी जाहिर की. उन्होंने कहा कि अगर जेडीयू से मुख्यमंत्री बनता है तो निशांत कुमार एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं, क्योंकि उनमें क्षमता है. वहीं अगर बीजेपी से मुख्यमंत्री बनता है तो सम्राट चौधरी को यह जिम्मेदारी दी जानी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार जैसा काम अब तक कोई नहीं कर पाया है.

चुनाव से दूरी, बेटों को मौका

अनंत सिंह ने यह भी ऐलान किया कि वह अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. उनकी जगह उनके बेटों में से कोई चुनावी मैदान में उतर सकता है. इस दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आरजेडी अब खत्म हो चुकी है और तेजस्वी यादव को दूसरे दल से टिकट लेकर चुनाव लड़ना पड़ सकता है. उनके छोटे बेटे अभिनव ने फिलहाल पढ़ाई पर ध्यान देने की बात कही और भविष्य का फैसला समय पर छोड़ दिया.

Advertisement