Weather Forecast 19 March 2026: पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के चलते दिल्ली से लेकर हिमाचल प्रदेश तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है. दिल्ली-एनसीआर में बुधवार (18 मार्च, 2026) की शाम को अचानक मौसम बदला. इसके बाद धूल भरी आंधी के साथ दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के शहरों में हल्की बारिश हुई. इसके बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट भी महसूस हुई. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) ताजा अलर्ट के मुताबिक, देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार (19 मार्च, 2026) को आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान आंधी-तूफान और मध्यम स्तर से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. अगर तेज बारिश हुई तो दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत एनसीआर के अन्य शहरों में भी जलजमाव की समस्या पेश आ सकती है. गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
किन-किन राज्यों में होगी बारिश?
एक ओर गुजरात, तेलंगाना और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में गर्मी के साथ लू भी चल रही है तो अगले 12-24 घंटे के भीतर कई राज्यों में बदले मौसम के मिजाज के बीच 19 मार्च से लेकर 22 मार्च तक के लिए 21 राज्यों में बारिश-तूफान का अलर्ट IMD की ओर से जारी किया गया है. गुरुवार और शुक्रवार को दिल्ली से कश्मीर तक आकाशीय बिजली गिरने के साथ 60 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अलर्ट है. देश के कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान के चलते 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम रह सकता है.
उत्तर भारत के दिल्ली, यूपी पंजाब, हरियाणा,राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में 19 और 20 मार्च को बारिश होगी. इसके अलावा 19 मार्च और 20 मार्च को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में बारिश हो सकती है. राजस्थान में 19 मार्च और 20 मार्च को हरियाणा और चंडीगढ़ बारिश का अलर्ट जारी है.
IMD के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का असर बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी नजर आएगा. इन राज्यों के कुछ जिलों में 20 और 21 मार्च को भारी बारिश का भी अलर्ट जारी है. इसके साथ ही इन राज्यों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है.
19 मार्च को कोंकण, गोवा और गुजरात राज्य में बारिश का अलर्ट IMD की ओर जारी है, जबकि 20 मार्च को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
बारिश का सिलसिला वीकेंड तक यानी 22 मार्च तक तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में, तेलंगाना, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी जारी रहेगा. वहीं, पुदुचेरी, उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
कहां-कहां गिरेंगे ओले?
पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 19 और 20 मार्च को बारिश के साथ ओले गिरने का भी अलर्ट है. इसके अलावा, 20 और 21 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है और ओले भी गिर सकते हैं. पश्चिमी राजस्थान में 19 मार्च को बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है. IMD के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 मार्च को छिटपुट ओलावृष्टि की चेतावनी IMD की ओर से जारी की गई है.