Home > देश > Aaj Ka Mausam: मार्च में अप्रैल जैसी गर्मी, तापमान ने बढ़ाई दिल्लीवालों की मुसीबतें, जानें आपके शहर का हाल?

Aaj Ka Mausam: मार्च में अप्रैल जैसी गर्मी, तापमान ने बढ़ाई दिल्लीवालों की मुसीबतें, जानें आपके शहर का हाल?

Today Weather: मार्च का महीना शुरु हो चुका है. इस महीने की शुरुआत में ही गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. देश के अधिकतर हिस्सों में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरु कर दिया है.

By: Preeti Rajput | Published: March 8, 2026 6:52:00 AM IST



Today Weather: फरवरी के महीने के साथ ही ठंड ने भी अलविदा कह दिया है. मार्च का महीना शुरु हुए एक हफ्ता बीत चुका है. हालांकि महीने की शुरुआत से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरु कर दिया है. देश के कई हिस्सों में अभी से धूप ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. कई राज्यों का तापमान तेजी से बढ़ता हुआ नजर आ रहा है. दिन में तेज धूप और रात में हवाओं का सिलसिला जारी है. देश की राजधानी दिल्ली से लेकर बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्यप्रदेश तक, तापमान अपना खेल दिखा रहा है. अब मौसम विभाग ने आज के मौसम को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है. 

दिल्ली एनसीआर का तापमान 

दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. 13 मार्च तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है. वहीं रात को न्यूनतम तापमान लगभग 19 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है. अभी रात थोड़ी ठंडी देखने को मिल रही है. लेकिन सर्दी का मौसम लगभग विदा हो चुका है. दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ता ही जा रहा है, जिसके कारण मौसम वैज्ञानिकों की चिंता भी बढ़ गई है. दिल्ली में रात में सर्दी लगातार सितंबर से ही शुरू हो गई थी, लेकिन दिन के समय ज्यादा सर्दी देखने को इस बार नहीं मिली है. 

बिहार का क्या है हाल?

बिहार की कई जगहों पर तापमान 34 डिग्री तक पहुंच चुका है. शनिवार को राज्य का अधिकतर तापमान 34.2°C नालंदा (राजगीर) में दर्ज किया गया.दिन के साथ साथ अब रात में भी पसीना आने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम करवट ले सकता है. 9 मार्च से 11 मार्च तक  तेज हवा और बारिश की संभावना जताई जा रही है. इसको लेकर मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.

यूपी-उत्तराखंड का मौसम

गर्मी का असर उत्तर प्रदेश में साफ देखने को मिल रहा है. दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 10 दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचता है तो कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट  भी जारी किया जा सकता है.राज्य के कई हिस्सों में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से  हवा चल रही है. 

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर

पहाड़ी इलाकों में इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, 7 से 11 मार्च तक कई स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हवाओं की गति भी तेज हो सकती है. जम्मू-कश्मीर के कई ऊपरी इलाकों में बर्फबारी फिलहाल जारी है. हालांकि, मैदानी इलाकों में दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है. 

Advertisement