Home > मनोरंजन > Rajpal Yadav case: कर्ज, जेल और कमबैक… क्या पलटने वाली है राजपाल की किस्मत? एक्टर ने बताया 10 साल का मास्टर प्लान

Rajpal Yadav case: कर्ज, जेल और कमबैक… क्या पलटने वाली है राजपाल की किस्मत? एक्टर ने बताया 10 साल का मास्टर प्लान

Rajpal Yadav case: बॉलीवुड के अभिनेता राजपाल यादव ने 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में जेल से बाहर आने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा. उन्होंने भावुक होकर अपने समर्थकों का धन्यवाद किया और कर्ज चुकाने का वादा किया.

By: Ranjana Sharma | Published: February 28, 2026 9:12:56 PM IST



Rajpal Yadav case: बॉलीवुड के ‘कॉमेडी किंग’ राजपाल यादव इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं. 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में 13 दिन जेल में बिताने के बाद अब वह बाहर आ चुके हैं. लेकिन जेल से निकलते ही उन्होंने चुप बैठने के बजाय बड़ा दांव चल दिया है. 18 मार्च को होने वाली अहम सुनवाई से पहले राजपाल यादव ने मीडिया के सामने आकर न सिर्फ अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई दी, बल्कि इंडस्ट्री के लिए नई मांग भी रख दी.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भावुक भी, बेबाक भी

शनिवार को मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजपाल यादव अपने वकील भास्कर उपाध्याय के साथ पहुंचे. यहां उन्होंने 9 करोड़ रुपये के कर्ज मामले पर अपना पक्ष रखा. इस दौरान वह भावुक नजर आए, लेकिन आत्मविश्वास से भरपूर दिखे. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इस मुश्किल घड़ी में उनका साथ दिया है, वे अपने बैंक विवरण भेज दें, उनका पैसा सम्मान के साथ लौटाया जाएगा. राजपाल ने कहा,आप लोगों का जो प्यार मिला है, उसका कर्ज शायद जिंदगी भर नहीं उतार पाऊंगा, लेकिन आर्थिक मदद जरूर वापस करूंगा.

1200 करोड़ के काम का दावा

सबसे चौंकाने वाला दावा तब आया जब राजपाल यादव ने अपने आने वाले काम को लेकर खुलासा किया. उन्होंने कहा कि अगले 7 वर्षों में उनके पास 1200 करोड़ रुपये के ब्रांडिंग प्रोजेक्ट्स तय हैं. उनके मुताबिक चार बड़े समझौते उनके पास पहले से हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंकड़ा फिल्मों से अलग है. कुछ प्रोजेक्ट 200 करोड़ के हैं, तो कुछ 2000 करोड़ रुपये तक के. कई प्रोजेक्ट में उन्हें फीस मिलेगी, जबकि कुछ में मुनाफे में हिस्सेदारी का मॉडल अपनाया गया है. इसके अलावा उन्होंने बताया कि उनकी झोली में 10 फिल्में भी हैं.

इंडस्ट्री के लिए उठाई आवाज

राजपाल यादव ने फिल्म इंडस्ट्री से एक अहम मांग भी रखी. उन्होंने कहा कि देश में फिल्म अनुबंधों के लिए एक मानक प्रारूप होना चाहिए, ताकि कलाकारों को कानूनी विवादों में न फंसना पड़े. इंडस्ट्री का बचाव करते हुए उन्होंने कहा, “फिल्म चल जाए तो सब अच्छा, फिल्म डूब जाए तो बॉलीवुड खराब? अब मैं बॉलीवुड को गाली नहीं देने दूंगा. अपने अंदाज में उन्होंने जोड़ा, “राजपाल यादव राजा है. राजा जंगल में हो या जेल में, राजा तो राजा ही होता है.

क्या है पूरा विवाद?

यह मामला साल 2010 से जुड़ा है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. ब्याज समेत यह रकम बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये हो गई. भुगतान के लिए दिए गए चेक बाउंस होने पर उन्हें जेल जाना पड़ा. अभिनेता का दावा है कि कर्ज देने वाले ने बदले की भावना से कार्रवाई की और सुरक्षा राशि तथा संपत्ति के कागजात लेने से इनकार किया. अब कुल बकाया राशि लगभग 10 करोड़ 40 लाख रुपये बताई जा रही है.

काम पर वापसी

भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए जमानत लेने के बाद राजपाल यादव फिर से शूटिंग में जुट गए हैं. वह जल्द ही अक्षय कुमार के साथ फिल्म भूत बंगला में नजर आएंगे, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं. यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को रिलीज होगी. अब सबकी नजर 18 मार्च की सुनवाई पर है. क्या कोर्ट से राहत मिलेगी या मुश्किलें बढ़ेंगी? जवाब वक्त देगा, लेकिन राजपाल यादव के तेवर बता रहे हैं कि वह हार मानने के मूड में नहीं हैं.

Advertisement