Home > मनोरंजन > Holi 2026 Box Office: होली पर टूटेगा डेढ़ दशक पुराना रिकॉर्ड, बेरंग रहेगा बॉक्स ऑफिस

Holi 2026 Box Office: होली पर टूटेगा डेढ़ दशक पुराना रिकॉर्ड, बेरंग रहेगा बॉक्स ऑफिस

Holi 2026 Box Office: होली 2026 पर करीब 15 साल बाद पहली बार कोई बड़ी हिंदी फिल्म रिलीज नहीं होगी. आमतौर पर यह त्योहार बॉक्स ऑफिस के लिए शुभ माना जाता रहा है लेकिन इस बार होली के मौके पर सिनेमाघर सूने रहेंगे.

By: Ranjana Sharma | Published: February 28, 2026 5:25:15 PM IST



Holi 2026 Box Office: होली का त्योहार आमतौर पर सिर्फ रंगों और मिठाइयों का ही नहीं, बल्कि बड़ी फिल्मों के रिलीज़ का भी मौका माना जाता रहा है. लेकिन होली 2026 पर यह परंपरा टूटती नजर आ रही है. करीब 15 साल बाद पहली बार ऐसा होगा जब इस त्योहार पर कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं होगी. आखिरी बार 2011 में ऐसा हुआ था, जब होली के मौके पर कोई मेगा रिलीज नहीं आई थी.

होली बॉक्स ऑफिस के लिए है शुभ

पिछले 26 वर्षों में होली का त्योहार बॉक्स ऑफिस के लिए बेहद शुभ माना जाता रहा है. इस मौके पर रिलीज हुई कई फिल्मों ने शानदार कमाई की और दर्शकों का भरपूर प्यार पाया. 2001 में चोरी चोरी चुपके चुपके, 2006 में मालामाल वीकली, 2008 में रेस, 2017 में बद्रीनाथ की दुल्हनिया, 2019 में केसरी और 2023 में तू झूठी मैं मक्कार जैसी फिल्मों ने होली के आसपास सिनेमाघरों में रिलीज होकर सफलता हासिल की. होली 2024 के आसपास मडगांव एक्सप्रेस और स्वातंत्र्य वीर सावरकर रिलीज हुई थीं, जबकि 2025 में द डिप्लोमेट ने सिनेमाघरों में दस्तक दी थी.

सिर्फ तीन बार टूटा सिलसिला

इतिहास देखें तो 2002, 2003 और 2011 में ही ऐसा हुआ था जब होली पर कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हुई. 2003 और 2011 में इसकी वजह आईसीसी क्रिकेट वर्ड कप था. क्रिकेट के बड़े टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों का ध्यान मैचों की ओर चला जाता है, जिससे फिल्म कारोबार पर असर पड़ता है.

2026 में भी क्रिकेट बना वजह

इस बार भी वजह क्रिकेट ही माना जा रहा है. 2026 में होली के आसपास आईसीसी टी20 विश्व कप का रोमांच चरम पर रहेगा. ऐसे में निर्माता अपनी फिल्मों को जोखिम में नहीं डालना चाहते. डायरेक्टर अभिराज मीनावाला ने बॉलीवुड हंगामा को दिए इंटरव्यू में बताया कि यशराज फिल्म्स ने क्रिकेट के बुखार से बचने के लिए मर्दानी 3 की रिलीज डेट प्रीपोन कर दी. फिल्म को 27 फरवरी की बजाय 30 जनवरी को रिलीज किया गया.

टलीं कई बड़ी रिलीज

पति पत्नी और वो 2 और गबरू पहले 4 और 13 मार्च को रिलीज होने वाली थीं, लेकिन अब इन्हें मई में आगे बढ़ा दिया गया है. वहीं ईद के मौके पर धुरंधर: द रिवेंज और टॉक्सिक जैसी बड़ी फिल्मों की रिलीज तय है. ऐसे में निर्माता आपसी टकराव से बचने और बेहतर कमाई के अवसर की तलाश में अपनी फिल्मों की तारीख बदल रहे हैं.

एग्ज़िबिटर्स की बढ़ी चिंता

19 मार्च तक किसी बड़ी फिल्म की अनुपस्थिति ने एग्ज़िबिटर्स की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कंटेंट की कमी के चलते मल्टीप्लेक्स शो की संख्या घटा रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ स्क्रीन अस्थायी रूप से बंद करने पर भी विचार हो रहा है. इस तरह होली 2026 सिर्फ रंगों में ही नहीं, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी फीकी रहने वाली है. क्रिकेट के क्रेज ने एक बार फिर सिनेमा के रंगों को हल्का कर दिया है

Advertisement