Home > देश > Royal Wedding in Jodhpur: कौन हैं निकेश अरोड़ा? जिनकी बेटी की शाही शादी भारत से अमेरिका तक चर्चा का केंद्र बनी

Royal Wedding in Jodhpur: कौन हैं निकेश अरोड़ा? जिनकी बेटी की शाही शादी भारत से अमेरिका तक चर्चा का केंद्र बनी

Royal Wedding in Jodhpur: जोधपुर में आयोजित यह शाही शादी भारतीय-अमेरिकी टेक उद्योगपति की बेटी आयशा अरोड़ा और जैक ह्यूजेस के विवाह के लिए आयोजित भव्य समारोह है.

By: Ranjana Sharma | Published: February 27, 2026 7:58:26 PM IST



Royal Wedding in Jodhpur: अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक भारतीय मूल के टेक उद्योगपति निकेश अरोड़ा की बेटी आयशा अरोड़ा की शादी में शामिल होने के लिए जोधपुर पहुंच रहे हैं. आयशा अरोड़ा और जैक ह्यूजेस का मुख्य विवाह समारोह 28 फरवरी को राजस्थान के जोधपुर स्थित उम्मेद भवन पैलेस में आयोजित होगा. निजी समारोहों की शुरुआत 25 फरवरी से हो चुकी है और यह आयोजन दिल्ली से लेकर जोधपुर तक अलग-अलग स्थानों पर चल रहा है.

चार दिन का भव्य डेस्टिनेशन वेडिंग समारोह

शादी के कार्यक्रम नई दिल्ली के द लोधी से शुरू हुए. इसके बाद जोधपुर के बाल समंद पैलेस में होली पार्टी और हरी महल पैलेस में टेरेस डिनर आयोजित किया गया. जोधपुर स्थित मेहरानगढ़ किला में संगीत समारोह रखा गया है, जबकि अन्य कार्यक्रम फिर से उम्मेद भवन पैलेस में होंगे. 28 फरवरी को मुख्य विवाह समारोह के साथ यह आयोजन संपन्न होगा. हाई-प्रोफाइल मेहमानों की मौजूदगी को देखते हुए सभी स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

क्यों चुना गया जोधपुर?

इस शादी के लिए जोधपुर को इसलिए चुना गया क्योंकि यह शहर शाही विरासत और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है. उम्मेद भवन पैलेस जैसी भव्य और लग्जरी सुविधाओं वाले महल उच्च-प्रोफाइल शादियों के लिए आदर्श हैं. जोधपुर का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक माहौल, मेहरानगढ़ किला जैसे स्थल, प्राइवेट और सुरक्षित लोकेशन, साथ ही दिल्ली और मुंबई जैसी बड़ी शहरों से अच्छा कनेक्टिविटी—इन सभी कारणों से यह डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए बेहद उपयुक्त माना गया है.

कौन हैं निकेश अरोड़ा?

निकेश अरोड़ा साइबर सुरक्षा कंपनी पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं. फोर्ब्स के अनुसार उनकी कुल संपत्ति लगभग 1.3 अरब डॉलर आंकी गई है. उन्होंने इससे पहले गूगल और सॉफ्टबैंक समूह में वरिष्ठ पदों पर काम किया है. साल 2023 में वह दुनिया के सबसे अधिक वेतन पाने वाले सीईओ में शामिल रहे. उन्हें 151.4 मिलियन डॉलर से अधिक का भुगतान मिला. निकेश अरोड़ा ने 1989 में वाराणसी स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बनारस हिंदू विश्वविद्यालय) से स्नातक किया. इसके बाद उन्होंने विप्रो में काम किया और उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए. उन्होंने बोस्टन कॉलेज से वित्त में मास्टर डिग्री और नॉर्थईस्टर्न विश्वविद्यालय से एमबीए किया.

2018 में पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के सीईओ बने

2018 में वह पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के सीईओ बने और तब से कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. यह शाही शादी देश-विदेश की चर्चित हस्तियों की मौजूदगी के कारण खास चर्चा में है. जोधपुर में हो रहे इन भव्य समारोहों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं.

Advertisement