Box Office Report: सिनेमाघरों में इस समय कई फिल्में प्रदर्शित हो रही हैं, लेकिन कमाई के मोर्चे पर किसी भी फिल्म का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं है. रिलीज से पहले जिन फिल्मों को लेकर जबरदस्त चर्चा थी, वे भी बॉक्स ऑफिस पर औसत कारोबार करती नजर आ रही हैं. वीकएंड पर हल्की बढ़त जरूर दिखी, लेकिन कोई बड़ा उछाल देखने को नहीं मिला.
ओ रोमियो: 100 करोड़ से दूर
शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी अभिनीत यह फिल्म 13 फरवरी को रिलीज हुई थी. पहले सप्ताह में फिल्म ने 47.1 करोड़ रुपये की कमाई की. दूसरे सप्ताह में प्रवेश करते हुए शनिवार (नौवें दिन) 3.4 करोड़ रुपये और रविवार (दसवें दिन) 3.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया. अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 55.91 करोड़ रुपये हो चुका है. अच्छी शुरुआत के बावजूद फिल्म 100 करोड़ के आंकड़े से काफी दूर है.
दो दीवाने सहर में: वीकएंड का नहीं मिला फायदा
सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की यह रोमांटिक ड्रामा 20 फरवरी को सिनेमाघरों में आई. रविवार को फिल्म ने केवल 1.42 करोड़ रुपये का कारोबार किया. अब तक इसका कुल कलेक्शन 4.18 करोड़ रुपये रहा है. वीकएंड पर भी फिल्म की कमाई में खास उछाल नहीं आया.
अस्सी: तारीफ मिली, कमाई नहीं
तापसी पन्नू और कनी कुश्रुति अभिनीत इस फिल्म को विषय और अभिनय के लिए सराहा जा रहा है. लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस फिल्म ने रविवार को 1.47 करोड़ रुपये कमाए. अब तक इसका कुल कलेक्शन 4.07 करोड़ रुपये है. सकारात्मक चर्चा के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार नहीं पकड़ सकी.
तू या मैं: दूसरे हफ्ते में कमजोर पड़ती रफ्तार
आदर्श गौरव और शनाया कपूर की यह फिल्म भी 13 फरवरी को रिलीज हुई थी. दसवें दिन तक आते-आते फिल्म की कमाई काफी गिर चुकी है. रविवार के ताजा आंकड़े उपलब्ध नहीं हो सके हैं, लेकिन फिल्म की स्थिति कमजोर मानी जा रही है.