Home > मनोरंजन > OTT Release: बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली फिल्म, अब ओटीटी पर किस्मत आजमाएगी’तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’

OTT Release: बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली फिल्म, अब ओटीटी पर किस्मत आजमाएगी’तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’

Tu Meri Main Tera Main Tera Tu Meri’ OTT Release: कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी. अब फिल्म को चुपचाप ओटीटी पर रिलीज कर दिया गया है, जहां मेकर्स को दर्शकों से बेहतर प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है.

By: Ranjana Sharma | Published: February 19, 2026 6:16:39 PM IST



Tu Meri Main Tera Main Tera Tu Meri’ OTT Release: बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न कर पाने के बाद ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो चुकी है. गुरुवार को फिल्म की डिजिटल स्ट्रीमिंग की घोषणा की. अब दर्शक इसे घर बैठे आसानी से देख सकेंगे. 

यहां देख सकेंगे ये मूवी 

प्राइम वीडियो ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अनन्या पांडे व कार्तिक आर्यन की साथ में तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “पॉपकॉर्न तो तैयार है, बस आपका इंतज़ार है. तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी, अभी देखें.” इस पोस्ट पर फैंस ने तेजी से प्रतिक्रिया दी. एक यूजर ने लिखा, “आखिरकार आ ही गया”, जबकि दूसरे ने कमेंट किया, “इसे बार-बार देखूंगी.” एक अन्य फैन ने फिल्म को दोबारा देखने की उत्सुकता जताई.

ये है फिल्म की कहानी 

समीर विद्वान्स के निर्देशन और करण श्रीकांत शर्मा की लिखी इस रोमांटिक कॉमेडी में कार्तिक और अनन्या के अलावा जैकी श्रॉफ, नीना गुप्ता और चांदनी भाभड़ा भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म की कहानी रे नाम के एक वेडिंग प्लानर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो खुद को ‘मां का लाडला’ मानता है. क्रोएशिया की यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात लेखिका रूमी से होती है, जो अपनी किताब के लिए पाठकों की तलाश में संघर्ष कर रही है. सफर के दौरान दोनों के बीच प्यार पनपता है, लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है जब रूमी अपने बुजुर्ग पिता को छोड़कर रे के साथ अमेरिका जाने से इनकार कर देती है. व्यक्तिगत सपनों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच का यही टकराव फिल्म का भावनात्मक केंद्र बनता है.

बॉक्स ऑफिस पर नहीं दिखा पाई कमाल 

हालांकि सिनेमाघरों में रिलीज के वक्त फिल्म को आलोचकों से मिली-जुली से लेकर नकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिलीं और बॉक्स ऑफिस पर भी यह खास कमाल नहीं दिखा सकी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में करीब 49.5 करोड़ रुपये की कमाई की. सोशल मीडिया पर अनन्या पांडे को उनके अभिनय के लिए ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा, वहीं कई दर्शकों ने कहानी को घिसी-पिटी और अनुमानित बताया. ‘सात समुंदर पार’ जैसे क्लासिक गाने के रीमेक को लेकर भी फिल्म आलोचनाओं में रही.

दूसरी बार साथ नजर आए अन्यया और कार्तिक

यह फिल्म पति पत्नी और वो के बाद कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की दूसरी साथ वाली फिल्म है. उनकी जोड़ी से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन इस बार ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को उतनी प्रभावित नहीं कर पाई. एक समीक्षा में कहा गया कि फिल्म तकनीकी रूप से आकर्षक दिखती है, लेकिन संगीत और कहानी वह रफ्तार नहीं दे पाते जिसकी जरूरत थी. समीक्षकों के मुताबिक, फिल्म में अनुभवी कलाकारों की मौजूदगी जरूर ध्यान खींचती है, मगर शीर्षक जितना वादा करता है, उतना प्रभाव छोड़ने में कहानी कमजोर पड़ जाती है.

Advertisement