Delhi weather Today: दिल्ली में एक बार फिर ठंड लौट आई है. बता दें कि बुधवार को हुई बारिश ने दिल्ली का मौसम पूरी तरह बदल दिया. दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही, हवा की रफ़्तार 19 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही. बता दें कि राजधानी दिल्ली-NCR में पिछले एक हफ़्ते से मौसम काफी गर्म था. धूप खिली हुई थी और हवाएं भी नहीं चल रही थीं. लेकिन, बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली, दिन भर बारिश और बादल छाए रहे. तेज़ हवाएं चलती रहीं, जिससे दिन और रात दोनों समय लोग ठिठुरते रहे. चलिए जान लेते हैं आज राजधानी का मौसम कैसा रहने वाला है.
आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-NCR में एक बार फिर हल्की-हल्की ठंड महसूस होने लगी है, लेकिन क्या सच में फिर से ठंड लौट फाई है? इसे लेकर इंडिया मेटियोरोलॉजिकल डिपार्टमेंट यानी IMD का कहना है कि बुधवार को दिल्ली-NCR में बारिश का अनुमान पहले ही लगा दिया था. बारिश के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया था. लेकिन, अभी यानी गुरुवार को बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश का अनुमान नहीं है. बता दें कि IMD ने फिलहाल 24 फरवरी तक दिल्ली-NCR में बारिश नहीं होने का अनुमान लगाया है. इसके अलावा, आज और कल, गुरुवार और शुक्रवार को बादल छाए रहने की उम्मीद है. हल्की हवाएं चल सकती हैं, साथ ही थोड़ी धूप भी निकल सकती है, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है.
दिल्ली में कब गर्मी देगी दस्तक
मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में सबसे बड़ा बदलाव 22 फरवरी से देखने को मिलेगा. वहीं 22 से 24 फरवरी के बीच दिल्ली-NCR में मौसम एक बार फिर साफ हो जाएगा. इस दौरान धूप तेज निकलेगी और गर्मी पड़ने लगेगी. दिन का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, यानी अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. रात का तापमान, यानी न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश और आंधी-तूफान राजस्थान, पंजाब और हरियाणा से दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश तक फैल रहे हैं. तेज़ हवाओं के साथ बारिश से कुछ इलाकों में फसल को नुकसान हुआ है, लेकिन अच्छी खबर यह है कि आज, 19 फरवरी से मौसम फिर से साफ़ होने लगेगा.