Mohammed Siraj: टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया ने अपने सफर की शुरुआत जीत के साथ की है. टीम इंडिया की बैटिंग के दौरान ऐसा लग रहा था जैसे अमेरिका यह मैच जीत जाएगा, लेकिन सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी के अलावा मोहम्मद सिराज और अर्शदीप की धारदार गेंदबाजी ने मुकाबले का रुख ही बदल दिया. एक ओर जहां टीम इंडिया के टी-20 के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर 84 रनों की नाबाद पारी खेली तो मोहम्मद सिराज ने अमेरिकी टीम के खिलाफ 4 ओवर में सिर्फ 29 रन देकर 3 विकेट कीमती विकेट हासिल किए. मोहम्मद सिराज का खेलना तय नहीं था वह तो कुछ और ही प्लान बनाए बैठे थे, लेकिन आखिरी वक्त में हर्षित राणा की जगह उन्हें स्क्वॉड में एंट्री मिली. इस स्टोरी में हम आपको बताएंगे मोहम्मद सिराज की एंट्री का पूरा किस्सा.
सूर्यकुमार यादव का वह ‘गेमचेंजर कॉल’
अचानक ही टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले तेज गेंदबाज हर्षित राणा को चोट लग गई. इसके बाद मोहम्मद सिराज ने उनकी जगह एंट्री ली. रोचक बात यह है कि टी20 वर्ल्ड कप-2026 खेलने की उम्मीद तो मोहम्मद सिराज पहले ही छोड़ चुके थे, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर ने जसप्रीत बुमराह के बीमार होने के बाद ऐसा फैसला लिया, जिसने मैच का रुख ही बदल दिया. मोहम्मद सिराज की अमेरिका के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करने के बाद खुद सूर्यकुमार यादव ने तेज गेंदबाज की टीम इंडिया में एंट्री के रहस्य से पर्दा उठाया.
मोहम्मद सिराज ने क्यों कहा- मज़ाक
मोहम्मद सिराज ने मैच खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात का खुलासा किया कि उनकी मैच में कैसे एंट्री हुई? तेज गेंदबाज ने बताया कि वह तो अपने परिवार के साथ समय बिता रहे थे. अमेरिका के साथ मैच से दो दिन पहले अचानक सूर्यकुमार यादव ने कॉल किया और कहा- ‘मिया, तैयार हो जाओ…बैग पैक करो और आ जाओ’, सूर्यकुमार की बात पर मोहम्मद सिराज को यकीन नहीं हुआ और उन्होंने तपाक से फोन पर कह दिया- ‘मजाक मत करो’. इस पर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वह सच कह रहे हैं. इसके बाद मोहम्मद सिराज टीम इंडिया से जुड़े और वर्ल्ड कप 2026 के पहले ही मैच में भारत को जिताने में अहम रोल प्ले किया. मोहम्मद सिराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुद कहा कि सूर्यकुमार यादव का फोन कॉल और टीम इंडिया में एंट्री दोनों ही चौंकाने वाली खबर थी, भगवान ने यह सब लिखा था, कोई इसे बदल नहीं सकता, इससे बड़ा कुछ नहीं.
मोहम्मद सिराज ने 2 साल पहले खेला था आखिरी टी-20 मैच
यहां पर बता दें कि हर्षित राणा को चोट लगने और जसप्रीत बुमराह को बुखार होने की वजह से मोहम्मद सिराज को टीम इंडिया की प्लेइंग XI में मौका मिला. चौंकाने वाली बात यह है कि मोहम्मद सिराज ने भारत के लिए आखिरी टी20 2024 में खेला था. इस मैच में अगर मोहम्मद सिराज ने शुरुआत में विकेट नहीं झटके होते तो मजबूत मनोबल के साथ अमेरिकी टीम भारत को हरा भी सकती थी. शुरुआत में विकेट गिरने के चलते ही अमेरिकी टीम दबाव में आई. अगर शुरुआत में मोहम्मद सिराज अपनी बॉलिंग से अमेरिकी खिलाड़ियों को आउट नहीं करते तो मैच कहीं भी जा सकता था.