Balendra Shah: नेपाल के आम चुनाव में परिणाम आने शुरू हो गए हैं. राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) चुनाव में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है. नेपाल के आम चुनाव के नतीजों में वामदलों की हालत पस्त है और RSP बहुमत पाने के करीब है और देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने की ओर बढ़ रही है. चुनाव नतीजे आने में अभी समय लगेगा, लेकिन सर्वाधिक चर्चा में हैं- बालेन्द्र शाह, जिन्हें सब बालेन कहते हैं. करीब 4 साल पहले स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर काठमांडु का चुनाव जीतकर शहर का मेयर बनने वाले बालेंद्र शाह अगर नेपाल के प्रधानमंत्री बन जाएं तो ताज्जुब नहीं होना चाहिए.
रैपर से पीएम पद तक का सफर!
इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने वाले बालेंद्र शाह एक राजनेता होने के साथ ही रैपर भी हैं. लोगों के बीच बालेन शाह के नाम से मशहूर बालेंद्र शाह काठमांडू के मेयर रह चुके हैं. 27 अप्रैल, 1990 को नेपाल की राजधानी काठमांडू के नारादेवी इलाके में जन्में बालेन शाह का पूरा नाम बालेंद्र शाह है. उनके पिता राम नारायण शाह आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं, जबकि मां ध्रुवदेवी शाह घरेलू महिला. उनके भाई चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और बहन पेशे से पेंटर हैं. कहा जा रहा है कि अगर वह नेपाल के पीएम चुने जाते हैं तो युवाओं के लिए कुछ अच्छा कर पाएंगे, क्योंकि वह Zen-G में ज्यादा लोकप्रिय हैं.
शिक्षा और संगीत
बालेन शाह का जन्म तो काठमांडु में हुआ, लेकिन परिवार मूल रूप से मधेश प्रदेश के महोत्तरी जिले से जुड़ा है. दरअसल, उनके पिता की पोस्टिंग काठमांडू के आयुर्वेद अस्पताल में हो गई, जिसके बाद परिवार यहां आ गया. बालेंद्र शाह की पढ़ाई लिखाई यही से हुई. बचपन से ही बालेंद्र शाह को संगीत से लगाव था. स्कूली पढ़ाई काठमांडू के वीएस निकेतन स्कूल से की. उच्च शिक्षा की कड़ी में काठमांडू के हिमालयन व्हाइटहाउस इंटरनेशनल कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री हासिल ली है.
इसके बाद कर्नाटक के विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर्स किया. बताया जाता है कि इंजीनियरिंग पढ़ाई के दौरान ही बालेंद्र शाह नेपाल के अंडरग्राउंड हिप-हॉप सीन में सक्रिय हो गए. वर्ष 2012 में उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया.
उनका अपना पहला गाना ‘सडक बालक’ रिलीज हुआ. इसमें युवा की दिक्कतों और सामाजिक असमानता की बात की गई थी. धीरे-धीरे नेपाल के ‘नेफॉप’ यानी नेपाली हिप-हॉप सीन में पहचान बना ली. अपने गानों के चलते वह युवा वर्ग में लोकप्रिय हो गए.
2022 में जीता काठमांडू मेयर का चुनाव
वर्ष 2022 में 32 वर्षीय बालेंद्र शाह ने काठमांडू के मेयर का चुनाव लड़ने का एलान किया. चुनाव प्रचार के दौरान वह काले ब्लेजर, काली जींस और काले चश्मे में नजर आते थे. वह दिग्गज नेताओं-राजनीतिक पार्टियों को हराते हुए काठमांडू के मेयर बन गए. बालेंद्र शाह ने पहली बार नगर परिषद की बैठकों का लाइव टेलीकास्ट शुरू कराया, जिससे पारदर्शिता बढ़े. नेपाल में आए भूकंप के दौरान वह लोगों की मदद करते नजर आए.
बालेंद्र शाह कितने ताकतवर?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बालेंद्र शाह की कुल संपत्ति करीब 5 से 6 करोड़ नेपाली रुपये के आसपास है. बताया जाता है कि उनकी मासिक कमाई लगभग 3 लाख रुपये से ज्यादा है. वर्ष 2023 में टाइम मैगजीन ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया था. न्यूयॉर्क टाइम्स ने भी उनकी प्रोफाइल स्टोरी प्रकाशित की थी. उनकी मासिक कमाई करीब 3 लाख नेपाली रुपये बताई जाती है. वह कंसल्टिंग एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. यहां पर उनका वेतन 2 लाख से ज्यादा है. इसके अलावा वह म्यूजिक और रैप से भी पैसा कमाते हैं.
परिवार और पत्नी
पत्नी सबीना काफ्ले और बेटी के साथ बालेंद्र शाह काठमांडू के गैरीगांव, टिंकुने इलाके में एक सामान्य घर में रहते हैं. एक वीडियो वायरल हुआ था जहां वे 4 करोड़ नेपाली रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर ड्राइव करते दिखे थे. बालेंद्र शाह की पत्नी सबीना एक पब्लिक हेल्थ प्रोफेशनल हैं. बालेंद्र और सबीना की लव मैरिज है.

