Job Offer Rejected: आज के दौर में जहां लोग बड़ी सैलरी और नामी कंपनियों में नौकरी पाने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, वहीं एक टेक प्रोफेशनल के फैसले ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. एक इंजीनियर ने 47 लाख रुपये सालाना (LPA) का आकर्षक जॉब ऑफर ठुकराकर सबको चौंका दिया है.
ठुकराया 47 लाख का ऑफर
यह मामला एक्स पर सामने आया, जहां इंजीनियरिंग मैनेजर वनेश माली ने खुद अपने करियर से जुड़ा यह फैसला साझा किया. उन्होंने बताया कि उन्हें पुणे में एक सीनियर पद के लिए 47 LPA का ऑफर मिला था. कंपनी और पैकेज दोनों ही अच्छे थे, लेकिन उन्होंने महसूस किया कि इस भूमिका के लिए जरूरी स्किल्स फिलहाल उनके पास पूरी तरह नहीं हैं. इसी वजह से उन्होंने ऑफर को विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया और साफ कहा कि वह अभी उस स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए तैयार नहीं हैं.
इंटरव्यू क्लियर करने पर भी उठे सवाल
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब उनके पास जरूरी स्किल नहीं थी, तो उन्होंने इंटरव्यू कैसे पास किया. इस पर माली ने जवाब दिया कि इंटरव्यू में अपेक्षाकृत बेसिक सवाल पूछे गए थे. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि सीनियर रोल और इतनी बड़ी सैलरी के साथ जिम्मेदारियां काफी ज्यादा होती हैं, और उसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया.
लोगों ने दी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, इंटरनेट पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई. कुछ लोगों का मानना है कि उन्हें जॉब स्वीकार कर लेनी चाहिए थी और काम के दौरान स्किल्स सीख लेनी चाहिए थीं. वहीं कई यूजर्स ने उनकी ईमानदारी, आत्म-जागरूकता और कॉन्फिडेंस की तारीफ की. एक यूजर ने लिखा कि “ऐसी ईमानदारी आज के समय में कम ही देखने को मिलती है, जबकि दूसरे ने कहा कि 47 लाख का ऑफर ठुकराना हर किसी के बस की बात नहीं है.

