Sambhal news: छेड़छाड़ और पॉक्सो के आरोप में जेल गए युवक का शव पेड़ से लटका मिला है. दो दिन पहले ही युवक जेल से छूटकर आया था. रात में युवक लग्न समारोह में दावत खाने के लिए निकला था. घर वालों का आरोप है कि साजिश के तहत युवक को बुलाया गया था और उसकी हत्या की गई है. युवक की आरोप लगाने वाली लड़की से आखिरी बातचीत हुई है. इसकी कॉल रिकॉर्डिंग सामने आई है. इसमें वह लड़की से कहता है कि मेरी जिंदगी तो खत्म हो गई, जेल से छूटने में 7 लाख रुपये लग गए. तू जिससे बात कर रही है उसे मैं दिनदहाड़े गोली मारूंगा. एएसपी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला
क्या है पूरा मामला?
पूरा मामला असमोली थाना क्षेत्र का है. खेमपुर गांव का रहने वाला कपिल (22) पुत्र पप्पू छेड़छाड़ के आरोप में डेढ़ साल पहले जेल गया था. वह मुरादाबाद जेल में बंद था. जांच के दौरान उस पर पॉक्सों की धारा बढ़ाई गई थी. 18 अप्रैल को वो जेल से छूटकर अपने गांव पहुंचा था. इसके एक दिन बाद एक लग्न समारोह में शामिल होने के लिए पास के गांव में गया था. उसके बाद शव पेड़ से लटका मिला है. मां प्रेमवती ने बताया कि मेरे तीन बेटियां और दो बेटे हैं. कपिल सबसे छोटा था. चार बच्चों की शादी हो गई है, बस कपिल की शादी होनी बाकी थी. मेरी ननद शशिबाला की शादी देहरी जग्गू मिलक में हुई थी. उनका गांव हमारे गांव से 60 किमी दूर है.
बुआ के गांव में शुरू हुआ अफेयर
कपिल अक्सर बुआ के घर जाया करता था. वहीं पर एक लड़की से उसकी बातचीत शुरू हो गई. करीब डेढ़ साल पहले लड़की अचानक हमारे घर पहुंच गई और कपिल के साथ रहने की जिद करने लगी. करीब 2 घंटे तक ड्रामा चला और लड़की के घर वाले भी पीछे से आ गए.
लड़की जबरन घर पहुंची, बाद में बेटे को जेल
हम लोग कह रहे थे कि अपनी लड़की को साथ ले जाए. इसके बाद भी लड़की के घर वालों ने पुलिस बुला ली. पुलिस बेटे को पकड़ के ले गई. लड़की के घर वालों ने बेटे पर छेड़छाड़ का आरोप लगा दिया, जबकि उनकी बेटी ही हमारे घर आई थी. इसके बाद बयान में लड़की भी पलट गई.ASP बोले- हत्या के आरोपों पर हो रही जांच
तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी: ASP
मामले की जानकारी पर ASP उत्तरी कुलदीप सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. थाना प्रभारी मोहित चौधरी भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे. ASP ने बताया कि मृतक युवक के शव को फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है. घर वाले युवक की हत्या का आरोप लगा रहे हैं. तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.
Published by Preeti Rajput
April 20, 2026 03:36:38 PM IST

