Gold Jewellery Theft India: मिल एरिया थाना क्षेत्र के ग्राम कचौंदा नानकारी में बीती रात बेखौफ चोरों ने पुलिस के गश्त दावों की धज्जियां उड़ा दीं. अज्ञात शातिरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और भारी-भरकम नकदी पर हाथ साफ कर दिया. रविवार सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
सन्नाटे को चीरकर घर में घुसे ‘खिलाड़ी’
जानकारी के मुताबिक, ग्राम कचौंदा नानकारी निवासी अमर कुमार अवस्थी पुत्र अंजनी कुमार अवस्थी का परिवार शनिवार रात रोजाना की तरह खाना खाकर सो गया था. आधी रात के बाद सन्नाटे का फायदा उठाकर चोरों ने घर में धावा बोला. चोरों ने इतनी सफाई से हाथ साफ किया कि घर के अंदर सो रहे किसी भी सदस्य को भनक तक नहीं लगी. रविवार सुबह करीब 6 बजे जब परिवार के लोग उठे और कमरों का सामान बिखरा देखा, तब जाकर चोरी का शोर मचा.
चोरी गई संपत्ति की लंबी फेहरिस्त: उड़े होश
चोरी गई संपत्ति की फेहरिस्त इतनी लंबी है कि इसे देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए हैं. पीड़ित अमर कुमार अवस्थी द्वारा पुलिस को सौंपी गई सूची के अनुसार, चोरों ने घर के कोने-कोने को खंगालकर लाखों के कीमती सामान पर हाथ साफ किया है.
शातिर चोरों ने घर से 2,25,000 की नगदी समेटने के साथ ही सोने के खजाने पर भी हाथ साफ किया, जिसमें दो सेट हार, छह सोने की चेन, छह अंगूठियां, दो सेट मांग टीका, दो सेट बेसर, चार कंगन, सुई-धागा, झाला और सोने की कील शामिल हैं. सोने के साथ-साथ चांदी की चमक भी गायब हो गई है.
चोरों ने दो चांदी की कमर पेटी, दो सेट भारी पायल, दस जोड़ी सामान्य पायल, आठ सेट बिछिया, चार सेट बच्चों के चांदी के कंगन, चार चांदी के सिक्के और चार चांदी के लॉकेट भी बटोर लिए. इतनी बड़ी तादाद में जेवरातों और नकदी की चोरी ने पुलिस महकमे में भी खलबली मचा दी है.
ग्रामीणों में दहशत, पुलिस के हाथ खाली
इस बड़ी वारदात के बाद से गांव में सुरक्षा को लेकर भारी चिंता और दहशत का माहौल है. पीड़ित ने मिल एरिया थाना प्रभारी को लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की गुहार लगाई है.
जांच में जुटी पुलिस
मिलएरिया SHO संजय कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया है. पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है. चोरों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

