Home > उत्तर प्रदेश > Raebareli road accident: रायबरेली में रफ्तार का कहर, बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Raebareli road accident: रायबरेली में रफ्तार का कहर, बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Raebareli road accident: रायबरेली के भदोखर क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, 45 वर्षीय वीरेंद्र कुमार की मौत, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच जारी.

By: Ranjana Sharma | Published: April 20, 2026 3:31:27 PM IST



Raebareli road accident: रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने साइकिल सवार अधेड़ को पीछे से टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि घायल व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

जमालपुर गांव के पास हुआ  हादसा

यह हादसा भदोखर थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, पूरे माखा मजरे भांव गांव निवासी वीरेंद्र कुमार (45 वर्ष) रविवार रात साइकिल से अपने घर लौट रहे थे. तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक बाइक सवार ने नियंत्रण खो दिया और साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. बाइक की टक्कर इतनी तेज थी कि वीरेंद्र कुमार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें संभालने की कोशिश की.

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत

स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. यह खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही भदोखर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एसओ भदोखर राकेश चंद्र ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement