253
Saharanpur Crime: सहारनपुर जिले से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने झाड़-फूंक के बहाने अपने साथ ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाने और फिर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पीड़िता ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की है और न्याय की गुहार लगाई है. मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
झाड़-फूंक के बहाने महिला को ले गया आरोपी
पीड़िता के अनुसार 15 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे गांव का ही रहने वाला एक युवक उसे और उसके बच्चे को झाड़-फूंक कराने के बहाने अपने साथ ले गया. महिला का कहना है कि वह उसकी बातों में आ गई और उसके साथ चली गई. महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसे थाना नागल क्षेत्र के गांव सीडकी स्थित एक मस्जिद में ले गया, जहां पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया. इसके बाद वह बेहोश हो गई और उसे कुछ भी याद नहीं रहा.
बेहोशी में दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि बेहोशी की हालत में मौलवी और आरोपी नदीम ने उसके साथ दुष्कर्म किया. होश में आने के बाद दोनों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह डर गई और तत्काल कोई विरोध नहीं कर सकी. महिला ने बताया कि घटना के बाद आरोपी उसे गांव माजरी तक छोड़ने आया, लेकिन रास्ते में उसके साथ मारपीट भी की गई. इस दौरान उसे लगातार धमकाया गया कि अगर उसने किसी से शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा.
न्याय और सुरक्षा की मांग
महिला ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए. उसने यह भी आशंका जताई है कि जांच के दौरान इस तरह के और मामले सामने आ सकते हैं. साथ ही उसने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है. पीड़िता का कहना है कि जब वह अपने पति के साथ थाना फतेहपुर शिकायत दर्ज कराने पहुंची, तो आरोपी वहां भी पहुंच गया और कथित रूप से धमकी देकर कार्रवाई को रुकवा दिया. इससे वह और अधिक भयभीत हो गई. इस मामले में पुलिस प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
disclaimer- The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.