Home > उत्तर प्रदेश > Vrindavan attack protest: वृंदावन में आचार्य पर हमले के खिलाफ कोसीकलां में प्रदर्शन, यूपी बंद की दी चेतावनी

Vrindavan attack protest: वृंदावन में आचार्य पर हमले के खिलाफ कोसीकलां में प्रदर्शन, यूपी बंद की दी चेतावनी

Vrindavan attack protest: वृंदावन में आचार्य श्री मृदुलकान्त शास्त्री पर हुए हमले के विरोध में कोसीकलां में वाल्मीकि समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया. अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए मथुरा से लेकर पूरे उत्तर प्रदेश में हड़ताल की चेतावनी दी है.

By: Ranjana Sharma | Published: April 19, 2026 12:11:57 PM IST



Vrindavan attack protest: मथुरा जिले के कोसीकलां में रविवार को अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी गिर्राज सिंह वाल्मीकि के नेतृत्व में वाल्मीकि समाज के लोगों ने वृंदावन में आचार्य श्री मृदुलकान्त शास्त्री पर हुए हमले के विरोध में विशाल प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई गई.

यूपी तक हड़ताल की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान चौधरी गिर्राज सिंह वाल्मीकि ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पहले मथुरा जिले में सफाईकर्मी काम बंद हड़ताल करेंगे. इसके बाद भी अगर न्याय नहीं मिला, तो अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले पूरे उत्तर प्रदेश में हड़ताल की जाएगी. उन्होंने आगे कहा कि यदि इसके बाद भी “महाराज जी” को न्याय नहीं मिला, तो वाल्मीकि समाज सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगा. इस चेतावनी के साथ उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि समाज अब चुप बैठने वाला नहीं है. चौधरी गिर्राज सिंह वाल्मीकि ने कहा कि आचार्य श्री मृदुलकान्त शास्त्री हमेशा वाल्मीकि समाज के साथ खड़े रहे हैं. चाहे निर्धन कन्याओं के विवाह की बात हो, बच्चों की शिक्षा का सहयोग हो या सामाजिक कार्यक्रम-हर अवसर पर उन्होंने समाज की मदद की है. ऐसे में उनके ऊपर हुआ हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे समाज पर हमला माना जा रहा है.

हमला पूरे समाज पर

प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में कहा कि इस तरह की घटना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में न्याय का भरोसा बना रहे. इस प्रदर्शन में पप्पू मेंबर, बेना मेंबर, गुलाब पुजारी, विजेंद्र, विष्णु सिंह, डिंपल लाल, गोविंद सिंह, धारा सिंह, राजेश कुमार, हरि कुमार, सुंदरलाल, आनंद सिंह, लातूर सिंह, राजेंद्र, पप्पू और इंदर सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे. सभी ने एकजुट होकर न्याय की मांग उठाई और आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement