Chirag Paswan On UP Election 2027: चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा फैसला लिया है. पार्टी ने घोषणा की है कि वह राज्य की सभी 403 सीटों पर अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी. यह फैसला पार्टी के विस्तार और स्वतंत्र राजनीतिक पहचान को मजबूत करने की रणनीति के तहत लिया गया है.
केंद्र में गठबंधन, यूपी में अकेले मैदान में
पार्टी के पूर्वी यूपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने स्पष्ट किया कि केंद्र स्तर पर उनका गठबंधन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ बना रहेगा, लेकिन उत्तर प्रदेश में पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि पार्टी “यूपी फर्स्ट, यूपी वाले फर्स्ट” के मिशन के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी और प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगी.
विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला
राजीव पासवान ने विपक्षी दलों पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि वे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नाम पर वंचित समाज को गुमराह कर रहे हैं. साथ ही राहुल गांधी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अब कांशीराम को भारत रत्न देने की बात कर रही है, जबकि सत्ता में रहते हुए ऐसा कदम क्यों नहीं उठाया गया.
जनसमर्थन और राजनीतिक लक्ष्य
राजीव पासवान ने दावा किया कि उनकी पार्टी को जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है और 2027 में सत्ता की चाबी उनके हाथ में होगी. उन्होंने कहा कि पार्टी अपने संस्थापक रामविलास पासवान के विचारों और कार्यों को लेकर जनता के बीच जा रही है. फिलहाल, पार्टी बिहार और केंद्र में बीजेपी के साथ गठबंधन में है, जहां चिराग पासवान केंद्रीय मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
लखनऊ में बड़ा आतंकी प्लान फेल, ATS ने 4 संदिग्धों को दबोचा; इस जगह धमाका करने की थी योजना