Home > उत्तर प्रदेश > Bareilly police: बरेली में कानून-व्यवस्था पर सख्ती,अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

Bareilly police: बरेली में कानून-व्यवस्था पर सख्ती,अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

Bareilly police meeting: बरेली में एसएसपी अनुराग आर्य ने कानून-व्यवस्था को सख्त करने के लिए समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए. लूट, हत्या, गोवध और गैंगस्टर मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के जल्द खुलासे पर जोर दिया गया.

By: Ranjana Sharma | Published: April 18, 2026 5:09:19 PM IST



Bareilly police meeting: बरेली में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने जिले के सभी अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक कर साफ संदेश दिया कि अपराध पर नियंत्रण को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. डिजिटल माध्यम से आयोजित इस बैठक में थाना स्तर से लेकर सर्विलांस टीम तक को सख्त निर्देश जारी किए गए.

लंबित मामलों पर फोकस

बैठक के दौरान लूट, छिनैती, गोवध, हत्या और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई. एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और सर्विलांस टीम को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए. खासतौर पर फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में हुई हालिया घटनाओं को प्राथमिकता में रखते हुए त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया.

गोवध और गैंगस्टर मामलों में सख्ती के निर्देश

एसएसपी अनुराग आर्य ने गोवध में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामलों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई जरूरी है. बैठक में ‘ऑपरेशन शील्ड’ और नशा मुक्ति अभियान को लेकर विशेष रणनीति पर चर्चा हुई. एसएसपी ने कहा कि अपराध के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जाए और नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए सख्ती बरती जाए.

जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण पर सख्त निर्देश

थाना और चौकी स्तर पर जनसुनवाई को गंभीरता से लेने और आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. एसएसपी ने कहा कि पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता और जवाबदेही दिखाई देनी चाहिए. जिले में आए 1386 नए पुलिसकर्मियों के लिए 18 थानों में बैरक व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए. इसके साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर के खिलाफ दो दिवसीय विशेष अभियान चलाने का भी आदेश दिया गया.

एसएसप का सख्त संदेश

बैठक के अंत में एसएसपी ने स्पष्ट कर दिया कि अधिकारियों से हर हाल में परिणाम चाहिए और कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
disclaimer- The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement