X down: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स बुधवार शाम करीब 8:15 बजे से दुनियाभर में ठप हो गया. इस समय से यूजर्स को वेबसाइट और मोबाइल एप दोनों पर फीड लोड करने में गंभीर समस्या आ रही है. सोशल मीडिया के इस बड़े प्लेटफॉर्म के ठप होने से यूजर्स का अनुभव बाधित हो गया है और लाखों लोग अपनी टाइमलाइन अपडेट नहीं कर पा रहे हैं.
यूजर्स को क्या दिख रहा है
यूजर्स जैसे ही अपने मोबाइल या डेस्कटॉप पर एक्स ऐप या वेबसाइट खोलते हैं, उन्हें “Something went wrong. Try Reloading” का मैसेज दिखाई दे रहा है. समस्या केवल होम फीड तक सीमित नहीं है. प्रोफाइल, सर्च और नोटिफिकेशन सेक्शन भी काम नहीं कर रहे हैं. कई यूजर्स ने ट्विटर और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर अपनी परेशानियों का ज़िक्र किया, जिससे साफ़ हुआ कि यह आउटेज बेहद व्यापक है.
रिपोर्टिंग और ट्रैकिंग
आउटेज की गंभीरता को देखने के लिए डाउनडिटेक्टर जैसी साइट्स पर अचानक हजारों रिपोर्ट्स दर्ज की गई हैं. खबर लिखे जाने तक लगभग 4,500 से ज्यादा लोगों ने एक्स के डाउन होने की जानकारी साझा की. इस रिपोर्टिंग से पता चलता है कि समस्या केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और यूरोपीय देशों में भी यूजर्स इस ठप होने का सामना कर रहे हैं. एक्स के डाउन होने से न केवल व्यक्तिगत यूजर्स प्रभावित हुए हैं, बल्कि कई छोटे-बड़े व्यवसाय और डिजिटल मार्केटिंग प्लेटफॉर्म्स भी प्रभावित हुए हैं,
तकनीकी कारण और कंपनी का बयान
अब तक एक्स की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है. अनुमान लगा रहे हैं कि यह आउटेज सर्वर समस्या, नेटवर्क फेलियर या प्लेटफॉर्म में किसी बग की वजह से हो सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि जबतक तकनीकी टीम इस समस्या को हल नहीं कर देती, यूजर्स को ऐप और वेबसाइट पर अस्थायी रूप से परेशानी झेलनी पड़ सकती है.

