NXT Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार (12 मार्च, 2026) को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित NXT Summit 2026 में हिस्सा लिया. बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने अपने भाषण में प्रौद्योगिकी, बेहतर शासन और वैश्विक सहयोग को लेकर भारत के दृष्टिकोण को विस्तार से बताया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत ने हाल ही में T20 वर्ल्ड कप 2026 जीता है और पूरा देश इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मना रहा है. भारत में क्रिकेट बाकी हर चीज़ से बढ़कर है. चाहे आप ऑफ़िस में काम कर रहे हों या किसी कॉर्पोरेट में. या फिर चाहे आप पर कितना भी तनाव हो या कितनी भी डेडलाइन पूरी करनी हों. जब भारत खेल रहा होता है तो लोग हमेशा स्कोर देखने के लिए समय निकाल ही लेते हैं. इस जीत ने भारतीयों को बहुत ज़्यादा खुशी दी है.
यहां पर बता दें कि 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने इतिहास रच दिया, क्योंकि वह तीन T20 वर्ल्ड कप ट्रॉफ़ियां जीतने वाली और अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम बन गई. यहां पर बता दें कि वर्ष 2027 टीम इंडिया की पहली जीत महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में मिली थी, जबकि उन्होंने दूसरा T20 वर्ल्ड कप 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में जीता था.
T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का प्रदर्शन
भारत ने ग्रुप स्टेज के सभी मैच जीते, जिसमें अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के ख़िलाफ़ अहम मैच भी शामिल था, लेकिन सुपर 8 स्टेज के पहले मैच में दक्षिण अफ़्रीका से हारने के बाद टीम को एक झटका लगा. ‘मेन इन ब्लू’ ने शानदार वापसी करते हुए ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ अपना मैच जीता और फिर वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ एक तरह का क्वार्टर-फ़ाइनल मैच खेला. संजू सैमसन की शानदार बैटिंग की बदौलत, जिन्होंने 97 रन बनाए और टीम को 196 रनों का टारगेट चेज़ करने में मदद की. टीम ने सेमी-फ़ाइनल में भी इंग्लैंड के ख़िलाफ़ अपनी अच्छी फ़ॉर्म जारी रखी, जहां संजू ने एक बार फिर रन बनाए और मुंबई में 89 रन की पारी खेली.
संजू सैमसन ने दिखाया बेहतरीन खेल
इसके बाद ‘मेन इन ब्लू’ का मुक़ाबला फ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड से हुआ. संजू सैमसन की आक्रामक बैटिंग (जिन्होंने फिर से 89 रन बनाए), अभिषेक शर्मा (जो फ़ॉर्म में लौटे और फाइनल में तो 55 रन बनाए), और ईशान किशन (जिन्होंने भी अर्धशतक जड़ा) की बदौलत टीम ने 20 ओवरों में 255/5 का स्कोर खड़ा किया. इसके बाद भारतीय गेंदबाज़ों ने अपना काम बखूबी किया और न्यूज़ीलैंड को 159 रनों पर समेटकर 96 रनों से मैच जीत लिया. जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट लिए. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में खासतौर से मुश्किल मुकाबलों में अच्छी गेंदबाजी की. फाइनल में भी सभी खिलाड़ियों ने अच्छा योगदान दिया.

