74
Gold Rate 18 April 2026: शुक्रवार को सोना और चांदी की कीमतों में मिला-जुला रुख देखने को मिला. जहां कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों धातुओं में तेजी दर्ज की गई, वहीं दिल्ली के सर्राफा बाजार में कीमतों में गिरावट रही. अक्षय तृतीया से पहले इस तरह का उतार-चढ़ाव निवेशकों और खरीदारों को असमंजस में डाल रहा है.
MCX पर सोना-चांदी में जबरदस्त तेजी
शुक्रवार को एमसीएक्स पर सोना और चांदी दोनों ही तेजी के साथ कारोबार करते नजर आए. जून डिलीवरी वाला सोना करीब 1,648 रुपये की बढ़त के साथ 1,54,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. वहीं मई डिलीवरी वाली चांदी 10,354 रुपये उछलकर 2,58,982 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. दिन के दौरान सोना 1,55,500 रुपये और चांदी 2,61,750 रुपये के उच्च स्तर तक भी गई, हालांकि बीच-बीच में गिरावट भी दर्ज की गई.
सर्राफा बाजार में कमजोर मांग से गिरावट
दूसरी ओर, राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में स्थानीय मांग कमजोर रहने के कारण कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. चांदी 5,700 रुपये टूटकर 2,53,000 रुपये प्रति किलो रह गई. वहीं 99.9% शुद्धता वाला सोना 1,600 रुपये की गिरावट के साथ 1,56,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया.
वैश्विक संकेतों से प्रभावित बाजार
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हालात में सुधार के संकेतों ने भी सोने की मांग को प्रभावित किया है. इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिनों के युद्धविराम से बाजार में थोड़ी राहत आई है, जिससे सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग कमजोर पड़ी है. इसके अलावा, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति वार्ता की खबरों ने भी निवेशकों का रुख बदला है.
सीमित दायरे में रहेगा सोना
विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल सोने की कीमतें सीमित दायरे में ही रह सकती हैं. बाजार किसी भी वैश्विक घटनाक्रम पर तेजी से प्रतिक्रिया दे सकता है, इसलिए आने वाले दिनों में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है. अक्षय तृतीया जैसे बड़े त्योहार से पहले कीमतों में हल्की तेजी भी देखने को मिल सकती है. गुडरिटर्न्स के आंकड़ों के मुताबिक, सोना 1,370 रुपये गिरकर 1,54,200 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. वहीं चांदी करीब 5,000 रुपये लुढ़ककर 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई.