TV Actress Subashini Balasubramaniyam Suicide: मनोरंजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है. तमिल टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस सुभाषिनी बालासुब्रमण्यम के निधन की खबर ने उनके फैंस और को-स्टार्स को गहरे सदमे में डाल दिया है. शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद पूरे टीवी जगत में शोक की लहर है और हर कोई इस घटना को लेकर स्तब्ध है.
पति से बहस के बाद बढ़ा तनाव!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना से पहले सुभाषिनी की अपने पति पिप्पिन के साथ फोन पर किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर बहस हुई थी. बताया जा रहा है कि यह बातचीत वीडियो कॉल पर हुई थी, जिसके बाद वह काफी मानसिक तनाव में आ गई थीं. हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
चेन्नई में अकेले रह रही थीं एक्ट्रेस
जानकारी के अनुसार, सुभाषिनी अपने पति के साथ बेंगलुरु में रहती थीं, लेकिन शूटिंग के चलते वे चेन्नई के पोरूर इलाके में एक अपार्टमेंट में अकेले रह रही थीं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल मामले में जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में उन्होंने यह कदम उठाया.
खास मौकों से पहले उठाया बड़ा कदम
इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि सुभाषिनी ने अपने जन्मदिन से महज छह दिन पहले यह कदम उठाया. इतना ही नहीं, 21 अप्रैल को उनकी शादी की दूसरी सालगिरह भी आने वाली थी. ऐसे खास मौकों से ठीक पहले उनका यूं चले जाना उनके परिवार और चाहने वालों के लिए बेहद दर्दनाक है.
कौन हैं सुभाषिनी बालासुब्रमण्यम?
सुभाषिनी बालासुब्रमण्यम मूल रूप से श्रीलंका की रहने वाली थीं और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वहां एक टीवी प्रेजेंटर के रूप में की थी. बाद में उन्होंने तमिल टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा और सीरियल “कयाल” से लोकप्रियता हासिल की. इसके अलावा उन्होंने फिल्म “इनी अवन” और कई शॉर्ट फिल्मों में भी काम किया था. सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी, जहां वे अक्सर अपनी तस्वीरें और अपडेट साझा करती थीं.