Home > मनोरंजन > Shakira India Concert: भारत में शकीरा के कॉन्सर्ट का  क्रेज, जोड़ा गया एक और शो, जानें तारीख और टिकट डिटेल

Shakira India Concert: भारत में शकीरा के कॉन्सर्ट का  क्रेज, जोड़ा गया एक और शो, जानें तारीख और टिकट डिटेल

shakira concert: पॉप स्टार शकीरा के भारत दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है. टिकटों की भारी मांग के चलते मुंबई में एक और शो जोड़ दिया गया है. अब शकीरा 10 और 11 अप्रैल को मुंबई और 15 अप्रैल को दिल्ली में कॉन्सर्ट करेंगी.

By: Ranjana Sharma | Published: March 9, 2026 12:28:49 PM IST



Shakira concert: ग्लोबल पॉप स्टार शकीरा के भारत दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. टिकटों की भारी मांग के चलते आयोजकों को मुंबई में एक और शो जोड़ना पड़ा है. अब शकीरा भारत में कुल तीन कॉन्सर्ट करेंगी-दो मुंबई में और एक दिल्ली में.

फैंस की भारी मांग पर बढ़ाया गया शो

शकीरा के कॉन्सर्ट के टिकटों की मांग इतनी ज्यादा रही कि आयोजकों ने मुंबई में एक अतिरिक्त शो की घोषणा कर दी. पहले सिर्फ एक ही शो तय था, लेकिन अब मुंबई में दो दिन कॉन्सर्ट होगा. नया शो 11 अप्रैल को रखा गया है, जबकि पहला शो 10 अप्रैल को होगा.

इस जगह होगा मुंबई का कॉन्सर्ट

मुंबई में शकीरा का कॉन्सर्ट शहर के मशहूर महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित किया जाएगा. यह जगह बड़े म्यूजिक इवेंट और कॉन्सर्ट के लिए जानी जाती है. हालांकि अतिरिक्त शो के टिकट कब से बुक होंगे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. मुंबई के बाद शकीरा दिल्ली में भी लाइव परफॉर्म करेंगी. राजधानी में उनका कॉन्सर्ट जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 15 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा. इस तरह भारत में कुल तीन बड़े शो होने जा रहे हैं.

टिकट की कीमत कितनी है

1 मार्च से मुंबई और दिल्ली के कॉन्सर्ट के टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए थे. टिकट कई अलग-अलग प्राइस कैटेगरी में रखे गए हैं. सबसे महंगे टिकट की कीमत करीब 32,000 रुपये तक है, जबकि जनरल एडमिशन टिकट लगभग 6,000 रुपये से शुरू होते हैं.

19 साल बाद भारत लौट रहीं शकीरा

शकीरा लगभग 19 साल बाद भारत में बड़ा कॉन्सर्ट करने जा रही हैं. इससे पहले उन्होंने 2007 में मुंबई में अपने ओरल फिक्सेशन टूर के दौरान परफॉर्म किया था. लंबे समय बाद उनकी वापसी को लेकर भारतीय फैंस में काफी उत्साह है. यह कॉन्सर्ट फीडिंग इंडिया पहल के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें ज़ोमैटो  के प्लेटफॉर्म डिस्टिक के साथ मिलकर आयोजन किया जा रहा है.

Advertisement