Priyanka Chopra: आने वाली फिल्म वाराणसी के कलाकार हाल ही में एक इंटरव्यू में बातचीत कर रहे थे. चर्चा की शुरुआत केरल की पारंपरिक मार्शल आर्ट कलारीपयट्टू से हुई. इसी दौरान प्रियंका चोपड़ा ने अपने जीवन से जुड़ी एक कम जानी-पहचानी बात शेयर की, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को चौंका दिया. महेश बाबू ने बताया कि उन्होंने अपनी फिल्म के एक्शन और दौड़ वाले सीन को बेहतर बनाने के लिए करीब छह महीने तक कलारीपयट्टू की ट्रेनिंग ली. उनके अनुसार, इस कला से शरीर में लचीलापन आता है और कठिन मूवमेंट करना आसान हो जाता है.
उन्होंने ये भी बताया कि निर्देशक चाहते थे कि उनकी दौड़ने की शैली अलग दिखे, इसलिए उन्होंने ट्रैक एंड फील्ड की टीम के साथ अभ्यास किया. भले ही फिल्म में उस मेहनत के सिर्फ दो शॉट ही दिख पाए, लेकिन महेश का मानना है कि ये एक्सपीरिएंस उनके लिए बहुत काम का रहा.
प्रियंका चोपड़ा का केरल से नाता
इसी बातचीत के दौरान प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि उन्हें भी कलारीपयट्टू की जानकारी है. उन्होंने कहा कि ये कला उनके परिवार से भी जुड़ी हुई है, क्योंकि उनकी नानी केरल के कोट्टायम से थीं. ये सुनकर महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन दोनों ही खुश और हैरान नजर आए.
महेश ने आगे बताया कि निर्देशक ने उन्हें कुछ यूरोपीय मूर्तियों की तस्वीरें दी थीं, ताकि वे शरीर की सही मुद्रा और चाल को समझ सकें. उन्होंने उन तस्वीरों को अपने कमरे में लगा लिया और मोबाइल में भी सेव कर लिया. इससे उन्हें सीन के हिसाब से शरीर की हरकत समझने में मदद मिली.
फिल्म ‘वाराणसी’ में प्रियंका की भूमिका
फिल्म वाराणसी में प्रियंका चोपड़ा ‘मंदाकिनी’ नाम का किरदार निभा रही हैं. फिल्म का पहला पोस्टर पहले ही सामने आ चुका है, जिसमें वह पीली साड़ी पहने और हाथ में पिस्तौल लिए नजर आती हैं. ये कई सालों बाद भारतीय सिनेमा में उनकी वापसी है.
फिल्म का टीजर एक प्राचीन शहर के ऊपर से लिए गए दृश्य से शुरू होता है और आगे कहानी एक गंभीर मोड़ लेती है. अंत में महेश बाबू का एक प्रभावशाली दृश्य दिखाया गया है. वाराणसी 7 अप्रैल 2027 को रिलीज होने वाली है.