Home > देश > Asha Bhosle: सीएम फडणवीस समेत कई हस्तियां पहुंचीं आशा को श्रद्धांजलि देने, जानें अंतिम संस्कार का समय और स्थान

Asha Bhosle: सीएम फडणवीस समेत कई हस्तियां पहुंचीं आशा को श्रद्धांजलि देने, जानें अंतिम संस्कार का समय और स्थान

Asha Bhosle death: दिग्गज गायिका आशा भोसले का 12 अप्रैल 2026 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया, उनके निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर ‘प्रभु कुंज’ आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां फिल्म और राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि दी.

By: Ranjana Sharma | Published: April 13, 2026 10:12:56 AM IST



Asha Bhosle death: गायिका आशा भोसले के निधन की खबर से पूरे देश का संगीत और फिल्म जगत गहरे शोक में डूब गया है, 12 अप्रैल 2026 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में 92 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली, उनके निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर मुंबई स्थित आवास ‘प्रभु कुंज’ लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए राजनीतिक और फिल्मी जगत की कई बड़ी हस्तियां पहुंच रही हैं.

राजनीति और बॉलीवुड से दिग्गज अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे

आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके घर पर लगातार लोगों का आना-जाना जारी है, जावेद अख्तर अपनी पत्नी शबाना आजमी के साथ पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाया और श्रद्धांजलि अर्पित की, शबाना आजमी सफेद परिधान में नजर आईं और उन्होंने परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और उन्होंने भोसले परिवार से मुलाकात की, इस दौरान कई लोगों के बीच बातचीत भी देखी गई. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी अपने काफिले के साथ आशा भोसले के आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी, इसके अलावा पद्मिनी कोल्हापुरी भी परिवार से मिलने पहुंचीं और शोक संवेदना व्यक्त की. जैकी श्रॉफ अपने परिवार के साथ अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे, जहां उनके चेहरे पर गहरा शोक स्पष्ट नजर आया, वहीं विद्या बालन और उर्मिला मातोंडकर भी श्रद्धांजलि देने पहुंचीं.

अंतिम दर्शन और अंतिम यात्रा 

सूत्रों के अनुसार, आशा भोसले के अंतिम दर्शन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक उनके निवास ‘प्रभु कुंज’ (पेडर रोड, मुंबई) पर होंगे, इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा दोपहर 2 बजे शुरू होगी. यह यात्रा मुंबई के विभिन्न मार्गों से होते हुए दादर स्थित शिवाजी पार्क श्मशान घाट तक जाएगी, जहां शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा.

92 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

डॉक्टरों के अनुसार, आशा भोसले को 11 अप्रैल को छाती में संक्रमण और कमजोरी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान मल्टी ऑर्गन फेलियर के कारण उनका निधन हो गया, उनके बेटे आनंद भोसले ने इस दुखद समाचार की पुष्टि की.

बॉलीवुड में शोक की लहर

आशा भोसले के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है, अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान, माधुरी दीक्षित, करीना कपूर, हेमा मालिनी सहित कई कलाकारों ने शोक व्यक्त किया है, सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने पेडर रोड और दादर इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है.

Advertisement