5
Asha Bhosle personal life; भारतीय संगीत जगत को गहरा झटका देते हुए सुरों की मल्लिका कही जाने वाली आशा भोसले का रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया. 92 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली. इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री की दिग्गज गायिका आशा भोसले अपनी शानदार आवाज और हजारों हिट गानों के लिए जानी जाती हैं थीं लेकिन उनकी पर्सनल लाइफ उतनी ही उतार-चढ़ाव भरी रही. कम उम्र में लिया गया एक बड़ा फैसला उनकी जिंदगी पर भारी पड़ा, जिसका असर उनके रिश्तों और शादीशुदा जीवन दोनों पर देखने को मिला.
16 साल की उम्र में भागकर की थी शादी
बहुत कम लोग जानते हैं कि आशा भोसले ने महज 16 साल की उम्र में अपने परिवार के खिलाफ जाकर शादी कर ली थी. साल 1949 में उन्होंने अपने से करीब 20 साल बड़े Ganpatrao Bhosle के साथ भागकर विवाह किया था, जो उस समय लता मंगेशकर के सेक्रेटरी थे. इस फैसले से उनका परिवार खासा नाराज हो गया था.
लता मंगेशकर ने तोड़ लिया था रिश्ता
आशा भोसले के इस कदम से उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर बेहद आहत हुई थीं. बताया जाता है कि उन्होंने लंबे समय तक आशा से बात तक नहीं की. परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था और उस दौर की पारिवारिक सोच के चलते इस शादी को स्वीकार नहीं किया गया.
शादीशुदा जिंदगी में झेला कठिन दौर
शादी के बाद आशा भोसले की जिंदगी आसान नहीं रही. रिपोर्ट्स और इंटरव्यू के मुताबिक, उनके पति उन्हें परिवार से दूर रखना चाहते थे, खासकर लता मंगेशकर से मिलने से रोकते थे. धीरे-धीरे रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा और हालात इतने खराब हो गए कि उन्हें मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना तक झेलनी पड़ी.
तीन बच्चों के साथ टूटा रिश्ता
आशा भोसले और गणपतराव के तीन बच्चे हुए. लेकिन जब वह तीसरी बार मां बनने वाली थीं, तब हालात इतने बिगड़ गए कि उन्हें घर छोड़ना पड़ा. इसके बाद वह अपने मायके लौट आईं और दोनों का रिश्ता खत्म हो गया. यह दौर उनके जीवन का सबसे कठिन समय माना जाता है.
मुश्किलों के बीच करियर ने लिया नया मोड़
जहां एक तरफ उनकी निजी जिंदगी में उथल-पुथल थी, वहीं दूसरी तरफ उनके सिंगिंग करियर ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी. इसी दौर में उन्होंने खुद को पूरी तरह संगीत में झोंक दिया और आगे चलकर इंडस्ट्री की सबसे सफल गायिकाओं में शुमार हो गईं.
आरडी बर्मन से दूसरी शादी
पहली शादी टूटने के बाद आशा भोसले की जिंदगी में संगीतकार R. D. Burman आए. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और साल 1980 में उन्होंने शादी कर ली. हालांकि इस रिश्ते का भी शुरुआत में विरोध हुआ, क्योंकि आशा उम्र में उनसे बड़ी थीं, लेकिन दोनों ने हर मुश्किल का सामना करते हुए साथ रहने का फैसला किया. 14 साल बाद आरडी बर्मन का निधन हो गया, लेकिन यह रिश्ता उनके जीवन का अहम हिस्सा रहा.