Home > शिक्षा > CBSE question paper QR code: CBSE क्लास 12 का पेपर बना मजाक, QR कोड स्कैन करते ही बज गया गाना

CBSE question paper QR code: CBSE क्लास 12 का पेपर बना मजाक, QR कोड स्कैन करते ही बज गया गाना

CBSE question paper QR code: सीबीएसई की क्लास 12 गणित परीक्षा के प्रश्नपत्र पर बने QR कोड को स्कैन करने पर छात्रों को कुछ ऐसा मिला जिसके बाद सभी हैरान हो गए और अब ये काफी वायरल हो रहा है. आइए जानते हैं कि ये क्या है-

By: sanskritij jaipuria | Published: March 10, 2026 3:20:54 PM IST



CBSE question paper QR code: क्लास 12 की गणित की परीक्षा के दौरान एक दिलचस्प और हैरान करने वाली घटना सामने आई. 9 मार्च को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक हुई इस एग्जाम के प्रश्नपत्र पर एक QR कोड छपा हुआ था. बताया जाता है कि किसी जिज्ञासु छात्र ने इस कोड को स्कैन किया. लेकिन जैसे ही ये कोड स्कैन किया गया, छात्रों को गणित से जुड़ा कोई कंटेंट नहीं बल्कि एक पुराने गाने का वीडियो दिखाई देने लगा, जिसमें एक व्यक्ति ‘Never Gonna Give You Up’ गाते-नाचते नजर आ रहा था. जल्द ही इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने लगे और ये चर्चा का विषय बन गया.

इस घटना के बाद केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने तुरंत स्थिति साफ की. बोर्ड के अनुसार प्रश्नपत्र पर दिया गया QR कोड केवल एक सेफटी सुविधा है. इसका उद्देश्य किसी भी संदिग्ध स्थिति में प्रश्नपत्र की वास्तविकता की जांच करना है. बोर्ड ने ये भी साफ किया कि ये कोड किसी गाने या वीडियो तक ले जाने के लिए नहीं बनाया गया था. सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा कि प्रश्नपत्र पूरी तरह असली हैं और उनकी सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं आई है. उन्होंने ये भी बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.

रिकरोल क्या होता है

जो वीडियो छात्रों को दिखाई दिया, वो इंटरनेट की दुनिया का एक फेमस मजाक है जिसे “रिकरोल” कहा जाता है. इसमें किसी व्यक्ति को किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए प्रेरित किया जाता है, लेकिन लिंक खुलते ही वो सीधे एक खास गाने के वीडियो पर पहुंच जाता है. ये गाना है “Never Gonna Give You Up”, जो 1987 में रिलीज हुआ था. समय के साथ ये इंटरनेट का हिस्सा बन गया और सोशल मीडिया पर लोगों को मजाक में “रिकरोल” करने के लिए इस्तेमाल किया जाने लगा.

ये गाना ब्रिटिश सिंगर रिक एस्टली का पहला गाना था और अपने समय का बेहद फेमस डांस-पॉप गीत माना जाता है. रिलीज होने के बाद ये 25 देशों में चार्ट के टॉप पर पहुंचा और कई पुरस्कार भी जीते. इस गाने को ब्रिट अवॉर्ड्स में “ब्रिटिश सिंगल ऑफ द ईयर” का सम्मान भी मिला.

 इंटरनेट मीम से नई पहचान

करीब दो दशक बाद “रिकरोल” नामक इंटरनेट मजाक ने इस गाने को फिर से चर्चा में ला दिया. सोशल मीडिया के दौर में ये ट्रेंड तेजी से फैला और खासकर टिकटॉक जैसे प्लेटफॉर्म पर काफी लोकप्रिय हुआ. हालांकि भारत में टिकटॉक पर प्रतिबंध लगे कई साल हो चुके हैं, फिर भी ये मजाक इंटरनेट लोगों के बीच जाना-पहचाना बना हुआ है.

सिंगर रिक एस्टली ने भी इस ट्रेंड पर कई बार प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे शुरुआत में थोड़ा अजीब बताया, लेकिन बाद में इसे स्वीकार कर लिया। एक इंटरव्यू में उन्होंने मजाक में कहा कि उस पुराने वीडियो में वह बहुत छोटे दिखते हैं और ऐसा लगता है जैसे उन्होंने अपने पिता का ओवरकोट पहन रखा हो.

Advertisement