Delhi Murder News: उत्तर प्रदेश में बेटा-बेटियों द्वारा पिता का कत्ल करने का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि देश की राजधानी दिल्ली से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में बुधवार को एक घर से महिला और 3 बच्चों का शव बरामद हुआ तो आसपास लोग भी सहम गए. पुलिस मौके पर पहुंची तो शव देखने से साफ लग रहा था कि चारों की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है. इस बीच महिला और उसकी तीन मासूम बच्चियों की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. हत्या के बाद से पति घर से फरार है. पुलिस के साथ-साथ रिश्तेदारों को भी शक है कि चारों की हत्या करके ही पति फरार हुआ है.
फरार शख्स की तलाश में पुलिस
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति मुंचन केवट घटना के बाद से फरार है. वह पत्नी अनीता और तीन बेटियों के साथ चंदन पार्क में गली संख्या 3, मकान संख्या 84/ई में रहता था. वह परिवार चलाने के लिए आजादपुर मंडी में सब्जी बेचने का काम करता था. पड़ोसियों से मिली सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. इसके साथ ही इस मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी गई है.
होता था पति-पत्नी के बीच झगड़ा
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पति मुंचन केवट और पत्नी अनीता के बीच करीब-करीब रोजाना झगड़ा होता था. पड़ोसियों के मुताबिक, घर से रोजाना झगड़ने और चिल्लाने की आवाज आती थी. पति-पत्नी के बीच झगड़ा होना आम था. आरोप है कि किसी बात को लेकर पति मुंचन ने पत्नी अनीता के अलावा अपने 3 बच्चों की हत्या की होगी. हत्या की क्या वजह है? यह तो पति की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा. यह भी कहा जा रहा है कि पति मुंचन अनीता पर शक करता था, हालांकि, यह कयास है. सच्चाई तो मुंचन के बयान से ही सामने आएगी.
कैसे चला हत्या का पता?
समयपुर बादली के चंदन पार्क इलाके में पड़ोसियों ने ही मुंचन के घर के अंदर चार लोगों के शव होने की जानकारी दी. पुलिस टीम को घर के भीतर महिला और उसके तीनों नाबालिग बच्चियों के गले कटे हुए थे . शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला के पति ने ही कथित तौर पर अपनी पत्नी और बच्चों की बेरहमी से हत्या की और मौके से फरार हो गया. क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने जांच पड़ताल की है. अब पति की तलाश में दिल्ली पुलिस जुट गई है.