Delhi Crime: आज के दौर में हर कोई रील्स बना रहा है और रील्स बनाने के लिए लोग हर हद पार कर रहे हैं. ऐसे में रील्स को लेकर कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं जो सच में हैरान कर देने वाले हैं. वहीं अब पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज़-3 इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे जानने के बाद आप हैरान रह जाएंगे. दरअसल, सोशल मीडिया रील बनाने की कोशिश में एक 28 साल के युवक की जान चली गई. मृतक की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से प्रॉपर्टी डीलर था. यह घटना सोमवार को दल्लूपुरा गांव में हुई, जहां पवन अपने चचेरे भाई हिमांशु की लाइसेंसी पिस्तौल से वीडियो बना रहा था. वहीं अब इस मामले के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
रील्स बनाने के चक्कर में सीने पर तानी पिस्तौल
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पवन को पिस्तौल में मैगज़ीन डालते और उसे लोड करते हुए देखा जा सकता है. इसी दौरान पिस्तौल से गोली चल गई और सीधे पवन की छाती में जा लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, घटना के समय पवन का चचेरा भाई हिमांशु उस हथियार का मालिक भी था और वही पवन की वीडियो भी शूट कर रहा था. जानकारी के मुताबिक वीडियो में हिमांशु को पवन को पिस्तौल सावधानी से संभालने की सलाह देते और उसे गोली न चलाने की चेतावनी देते हुए सुना जा सकता है. लेकिन, वीडियो रील बनाने के जोश में पवन ने पिस्तौल अपनी छाती से सटा ली और सीधे कैमरे की ओर देखते हुए ट्रिगर दबा दिया. गंभीर रूप से घायल पवन को तुरंत वसुंधरा एन्क्लेव के धर्मशिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने दी ये जानकारी
वहीं पुलिस जांच में इस बात का खुलासा हुआ कि घटना निजी लापरवाही के कारण खुद को गोली लगने से हुई है. शव को फिलहाल पोस्टमॉर्टम के लिए LBS अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है. पुलिस ने BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 105 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. अशोक नगर थाने की पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत जांच शुरू कर दी. फोरेंसिक और क्राइम टीमें मौके पर पहुंचीं और सबूत इकट्ठा किए. पुलिस ने हिमांशु की लाइसेंसी पिस्तौल, 10 ज़िंदा कारतूस और वो मोबाइल फोन ज़ब्त कर लिया है जिसका इस्तेमाल रील रिकॉर्ड करने के लिए किया जा रहा था.

