80
Plane crash: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है. आरा पहाड़ियों के इलाके में एक निजी (चार्टर्ड) विमान क्रैश हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. हादसे के बाद मौके पर आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देखा गया, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. ग्रामीणों के अनुसार, यह चार्टर्ड विमान जशपुर के नारायणपुर क्षेत्र स्थित रतनपहली जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हुआ. बताया जा रहा है कि विमान पेड़ों से टकराने के बाद क्रैश हुआ, जिससे जोरदार धमाके की आवाज भी सुनाई दी. हादसे के तुरंत बाद पहाड़ी क्षेत्र में आग की लपटें उठने लगीं और दूर-दूर तक धुआं फैल गया. स्थानीय लोगों ने इस भयावह दृश्य को देखा और तुरंत प्रशासन को सूचना दी.
राहत-बचाव कार्य जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है. दमकल और अन्य आपात सेवाएं भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विमान में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है. प्रशासन द्वारा इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. प्रशासन का कहना है कि हादसे के कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा. फिलहाल प्राथमिकता राहत और बचाव कार्य पर है.