0
मथुरा विकास खंड राया के अंतर्गत ग्राम केहरी घड़ी बंबे से सहसु नगला होते हुए नांगल तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण करीब 56 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है. लेकिन हैरानी की बात यह है कि सड़क बनने के मात्र 24 घंटे के भीतर ही उखड़ने लगी, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. नाराज ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया और काम कर रहे मजदूरों को भगा दिया.
24 घंटे में उखड़ी सड़क
ग्रामीण वृजेश ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितताएं बरती जा रही हैं. उनका कहना है कि पुरानी सड़क को हटाने के बजाय मिट्टी के ऊपर ही पानी का छिड़काव कर डामर डाल दिया गया. जबकि नियमानुसार पहले पुरानी सड़क हटाकर नई मिट्टी, गिट्टी और उसके बाद डामरीकरण किया जाना चाहिए था. उन्होंने बताया कि सड़क पर लगभग 20 एमएम मोटी परत होनी चाहिए, लेकिन मौके पर 5 एमएम डामर भी दिखाई नहीं दे रहा है.
ग्रामिणों में नाराजगी का माहौल
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्रीपाल सिंह ने बताया कि सड़क का निर्माण आगरा मंडी द्वारा कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई है, जिन्होंने जांच कराकर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने का आश्वासन दिया है. पूर्व प्रधान कृष्णमोहन ने कहा कि सड़क को टिकाऊ बनाने के लिए पुरानी परत हटाकर नए सिरे से मिट्टी, गिट्टी और डामर डाला जाना चाहिए, ताकि बरसात के दौरान ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़े.
ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई
ग्रामीण जितेंद्र चौधरी ने बताया कि यह मार्ग राया से नांगल, सहसु नगला, केहरी घड़ी, सौर गुददर होते हुए वृंदावन जाने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जो लंबे समय से जर्जर अवस्था में था. अब जब सड़क निर्माण शुरू हुआ है, तो उसमें भी घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिसे ग्रामीण बर्दाश्त नहीं करेंगे. ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि चौधरी रण सिंह ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख चंचल चौधरी के प्रयासों और विधायक पूरन प्रकाश की पहल से इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शिकायतें मिली हैं और मौके पर जांच कराई जाएगी. यदि अनियमितताएं पाई गईं, तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.