365
Chandauli Firing: चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हारा गांव में रविवार सुबह अचानक माहौल उस समय बिगड़ गया, जब दो पक्षों के बीच चल रहा पुराना विवाद हिंसक टकराव में बदल गया. देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पहले कहासुनी, फिर मारपीट और उसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई. फायरिंग की आवाज से पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए अपने घरों में दुबक गए.
ताबड़तोड़ फायरिंग में 6 लोग घायल
घटना के दौरान एक पक्ष द्वारा असलहे से कई राउंड फायरिंग की गई, जिसमें कुल 6 लोगों को गोली लग गई. वहीं लाठी-डंडों से हुई मारपीट में दो अन्य लोग घायल हो गए. सभी घायलों को गंभीर हालत में तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है.
जमीनी रंजिश और बच्चों के विवाद से भड़का मामला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस घटना की जड़ में पुरानी जमीनी रंजिश और बच्चों के बीच हुआ विवाद था. बताया जा रहा है कि छोटी सी कहासुनी ने धीरे-धीरे बड़ा रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग एकत्र होकर भिड़ गए. इसी दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मामला फायरिंग तक पहुंच गया.
एक पक्ष पर फायरिंग का आरोप
आरोप है कि रामसूरत राम के परिवार की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें कुद्दन के परिवार के पांच लोग गोली लगने से घायल हुए हैं. अचानक हुई इस घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया और लोग काफी देर तक भय के साए में रहे. घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसर गया.
कई लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 से 20 लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. घायलों का इलाज जारी है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ हो रही है. फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.