3
Sweety deepak divorce: खेल जगत से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने प्रशंसकों को हैरान कर दिया है. हरियाणा की विश्व चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा और भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा ने अपने रिश्ते को खत्म कर दिया है. दोनों ने हिसार की अदालत में आपसी सहमति से तलाक लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद को विराम दे दिया. कभी प्यार और सफलता की मिसाल माने जाने वाला यह रिश्ता आखिरकार आरोपों और मतभेदों के बीच टूट गया.
कोर्ट में खत्म हुआ लंबा विवाद
स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा के बीच काफी समय से तनाव बना हुआ था. मामला इतना बढ़ गया था कि यह कानूनी लड़ाई तक पहुंच गया. हिसार कोर्ट में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया, जिससे इस लंबे विवाद का अंत हो गया. स्रोत्रों के मुताबिक, स्वीटी बूरा ने कोर्ट में स्पष्ट कहा कि वह अब इस रिश्ते को आगे नहीं निभा सकतीं.
आरोपों ने बिगाड़ा रिश्ता
इस रिश्ते में दरार तब गहरी हुई जब स्वीटी बूरा ने दीपक हुड्डा के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने पासपोर्ट छीनने और मानसिक उत्पीड़न तक की बात कही. इन आरोपों के आधार पर पुलिस में मामला दर्ज हुआ और विवाद सार्वजनिक हो गया. यहां तक कि एक बार दोनों के बीच पुलिस थाने में ही झगड़ा होने की खबरें भी सामने आईं.
प्यार की शुरुआत और शादी का सफर
दोनों की मुलाकात साल 2015 में एक मैराथन के दौरान हुई थी. दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और साल 2022 में दोनों ने शादी कर ली. शादी के बाद भी दोनों अपने-अपने खेल में सक्रिय रहे. इसी दौरान स्वीटी बूरा ने बॉक्सिंग में विश्व चैंपियन बनकर बड़ी उपलब्धि हासिल की, लेकिन निजी जीवन में तनाव बढ़ता गया और 2025 से रिश्ते में दरार साफ नजर आने लगी.
खेल में दोनों का शानदार करियर
दीपक हुड्डा भारतीय कबड्डी टीम के सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते और टीम की कप्तानी भी की. वहीं स्वीटी बूरा ने 2023 में विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया. दोनों को खेल में योगदान के लिए अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है.