PM Modi Rahul Gandhi Meeting: संसद भवन परिसर में शनिवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने राजनीतिक माहौल के बीच अलग ही चर्चा छेड़ दी. कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अचानक आमने-सामने आए और कुछ सेकंड तक बातचीत करते नजर आए. यह पल इसलिए खास रहा क्योंकि सार्वजनिक मंचों पर अक्सर दोनों नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिलती है, जबकि यहां एक सहज संवाद की झलक दिखाई दी.
प्रेरणा स्थल पर हुई मुलाकात
यह घटना संसद परिसर के ‘प्रेरणा स्थल’ की है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महान समाज सुधारक ज्योतिराव फुले की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे. वहां पहले से राहुल गांधी समेत कई नेता मौजूद थे. जैसे ही प्रधानमंत्री पहुंचे, उन्होंने सभी नेताओं से अभिवादन किया और राहुल गांधी के सामने कुछ क्षण रुककर बातचीत की.
कुछ सेकंड की बातचीत बनी चर्चा
दोनों नेताओं के बीच हुई यह छोटी-सी बातचीत अब राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है. हालांकि बातचीत की विषयवस्तु सार्वजनिक नहीं हुई है, लेकिन उनकी बॉडी लैंग्वेज और सहजता ने यह संकेत दिया कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद संवाद की गुंजाइश बनी रहती है.
#WATCH | Delhi: Prime Minister Narendra Modi arrives at Prerna Sthal on the Parliament premises to pay a floral tribute to Mahatma Jyotiba Phule on his 200th birth anniversary today.
Lok Sabha Speaker Om Birla, Lok Sabha LoP Rahul Gandhi, Union Minister Arjun Ram Meghwal, former… pic.twitter.com/QexqUVky1Z
— ANI (@ANI) April 11, 2026
कई दिग्गज नेता भी रहे मौजूद
इस मौके पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और राज्यसभा के पूर्व उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह भी मौजूद थे. प्रधानमंत्री ने एक-एक कर सभी से मुलाकात की, जिससे यह कार्यक्रम और भी महत्वपूर्ण बन गया.
फुले के विचारों को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर ज्योतिराव फुले को श्रद्धांजलि देते हुए उनके सामाजिक योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि फुले का जीवन समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मूल्यों के लिए समर्पित था. महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनके प्रयास आज भी प्रेरणादायक हैं. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि फुले के विचार समाज को आगे बढ़ाने में हमेशा मार्गदर्शन देते रहेंगे.