Home > दिल्ली > बम विस्फोट होगा, कोई नहीं बचा सकता…मेयर दफ्तर को उड़ाने की ईमेल से आई धमकी; जानें उसके बाद क्या हुआ?

बम विस्फोट होगा, कोई नहीं बचा सकता…मेयर दफ्तर को उड़ाने की ईमेल से आई धमकी; जानें उसके बाद क्या हुआ?

Delhi Mayor Office: धमकी मेयर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई थी. मेल में साफ तौर पर लिखा था कि बम विस्फोट होगा, कोई नहीं बचा सकता.

By: Shubahm Srivastava | Published: April 1, 2026 11:35:05 PM IST



Delhi Mayor Office Bomb Threat: दिल्ली में मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को हड़कंप मच गया. मेयर सरदार राजा इकबाल सिंह ने बताया कि सुबह 07:31 बजे एक ईमेल के जरिए दोपहर 2:11 बजे विस्फोट करने की धमकी दी गई थी. सूचना मिलते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत दिल्ली पुलिस को अलर्ट किया गया.

जांच में क्या मिला?

धमकी के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने सिविक सेंटर स्थित महापौर कार्यालय की गहन तलाशी ली. पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कार्यालय में काम सामान्य रूप से जारी है.

धमकी भरा ईमेल

जानकारी के अनुसार, धमकी मेयर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई थी. मेल में साफ तौर पर लिखा था कि “बम विस्फोट होगा, कोई नहीं बचा सकता.” इस संदेश के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और संभावित खतरे को टालने के लिए व्यापक जांच शुरू की गई.

पहले भी मिल चुकी है धमकी

मेयर ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की धमकी मिली हो. वर्ष 2022 में भी महापौर कार्यालय को इसी प्रकार की धमकी मिली थी, जिसकी जांच संबंधित एजेंसियों ने गंभीरता से की थी. ऐसे मामलों को अक्सर शरारती तत्वों द्वारा भय का माहौल बनाने की कोशिश माना जाता है.

मेयर की अपील

मेयर राजा इकबाल सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन पर भरोसा बनाए रखें. उन्होंने कहा कि इस तरह की कायराना धमकियों से प्रशासन प्रभावित नहीं होगा और जनसेवा का काम लगातार जारी रहेगा. फिलहाल पुलिस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है.

ट्रैफिक चालान से छुटकारा! इस दिन लगेगी दिल्ली में स्पेशल लोक अदालत

Advertisement