Bittu Bajrangi: बिट्टू बजरंगी के नाम से हर कोई वाकिफ है. वहीं अब इनकी दूसरी शादी से जुड़े कथित फ्रॉड में नया मोड़ सामने आया है. शादी के नाम पर बिट्टू बजरंगी से ठगी करने के आरोपियों ने खुद पर भी फ्रॉड का आरोप लगाया है. उनका दावा है कि बिट्टू बजरंगी ने शादी के लिए अपने मरे हुए भाई की फोटो दिखाई थी. लेकिन, जब बाद में दुल्हन ने बिट्टू बजरंगी को देखा तो उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया था.
बिट्टू बजरंगी ने रानी उर्फ लक्ष्मी, बंटी, प्रदीप और आठ अन्य के खिलाफ फ्रॉड का केस दर्ज कराया है. बिट्टू बजरंगी के मुताबिक, पिछले साल अलीगढ़ में रहने वाले उसके पड़ोसी के रिश्तेदार बंटी ने उसे एक महिला से मिलने के लिए कई बार अलीगढ़ बुलाया. इस दौरान बंटी ने उसे रानी उर्फ लक्ष्मी नाम की महिला से मिलवाया. रानी ने उसे कई महिलाएं दिखाईं. उसे वह महिला पसंद आ गई, जिसकी उम्र करीब 25 साल थी. पिछले साल 5 सितंबर को रात 9:00 बजे दुल्हन पक्ष के छह लोग उसे देखने के लिए संजय एन्क्लेव में उसके घर आए. जिस दुल्हन से शादी होनी थी, वह भी उसे देखने वालों में शामिल थी. शादी पक्की होने के बाद उसने उसे 7 सितंबर, 2025 को अलीगढ़ आने को कहा. जब वह शादी के लिए अलीगढ़ के मंदिर पहुंचा, तो वहां शादी की कोई तैयारी नहीं थी. इससे उसे धोखाधड़ी का शक हुआ. वह पहले ही एक लाख रुपये दे चुका था और शादी की तैयारी के लिए 30,000 रुपये और दे चुका था.
लड़की ने जब देखी बिट्टू बजरंगी की शक्ल…
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आरोपी बंटी के साले पंकज ने अपने वकील के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दूसरा पक्ष भी रखा. इस दौरान पंकज ने कहा कि “बिट्टू बजरंगी हमें बदनाम कर रहा है. न तो मैंने और न ही मेरे साले ने कोई पैसा लिया. उसने मेरे साले के ज़रिए अपनी बेटी से बात की. बिट्टू बजरंगी मेरे साले बंटी के घर आता-जाता था. बजरंगी ने बंटी से उसकी शादी तय करने को कहा था. बिट्टू ने पहले लड़की को अपने मरे हुए भाई महेश की फोटो भेजी थी.” बाद में जब उसने बिट्टू को देखा, तो उसने उससे शादी करने से मना कर दिया. आरोपी बंटी के साले पंकज ने दावा किया कि कार किराए के लिए तीन हज़ार रुपये लिए गए थे. बाकी पैसों से उसका कोई लेना-देना नहीं है.
क्या बोले बिट्टू बजरंगी
साथ ही बता दें कि बिट्टू का आरोप है कि आरोपी महिला पहले से शादीशुदा है. उसके दो बच्चे हैं, उसकी बड़ी बेटी 13 साल की है. उनसे पैसे ठगने के लिए उसने खुद को 25 साल की और अविवाहित बताया. आरोपियों में रानी उर्फ लक्ष्मी, बंटी, प्रदीप और सात-आठ अन्य लोग शामिल हैं. इतना ही नहीं बिट्टू बजरंगी ने शादी का वादा करके उससे ठगी करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को पुलिस कमिश्नर ऑफिस तक मार्च निकाला. पीड़ित का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है. पुलिस कमिश्नर से मिलने से पहले, कमिश्नर ऑफिस के सामने पुलिसवालों से मिलते समय वो फूट-फूट कर रो पड़ा.