Delhi traffic advisory T20 World Cup 2026: दिल्ली में ICC मेंस T20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के मैचों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने स्पेशल यातायात व्यवस्था लागू करने का ऐलान किया है. अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास 10, 12, 13, 16, 18 फरवरी और 1 मार्च को ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे. दिल्ली पुलिस के अनुसार, मैच वाले दिनों में सुबह 9 बजे से रात 11:30 बजे तक अलग-अलग चरणों में ट्रैफिक को कट्रोल किया जाएगा, ताकि लोगों की आवाजाही सुचारु रूप से हो सके.
किन दिनों और समय पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक कुछ खास सड़कों पर अलग-अलग समय में पाबंदियां रहेंगी.
10, 16 और 18 फरवरी को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक
13 फरवरी और 1 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक
12 फरवरी को शाम 6 बजे से रात 11:30 बजे तक
इन समयों में जरूरत के अनुसार डायवर्जन भी लागू किए जा सकते हैं.
इन सड़कों पर हो सकता है डायवर्जन
मैच के दौरान कुछ मेन सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है. इनमें बहादुरशाह जफर मार्ग (ITO चौक से दिल्ली गेट तक), आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक) और राजघाट से जेएलएन मार्ग तक का इलाका शामिल है. मोटर चालकों को सलाह दी गई है कि वे इन रास्तों से गुजरने से बचें, खासकर भीड़भाड़ वाले समय में.
पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने की सलाह
लोगों से कहा गया है कि वे निजी वाहनों की बजाय दिल्ली मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें. स्टेडियम के नजदीकी मेट्रो स्टेशन दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन (गेट नंबर 4 और 5) और ITO मेट्रो स्टेशन (गेट नंबर 3 और 4) माने जा रहे हैं. स्टेडियम के पास पार्किंग की सुविधा सीमित होगी और सिर्फ वैध पार्किंग पास वाले वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी. इसके अलावा माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड के नीचे मुफ्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
Traffic Advisory
In view of the ICC Men’s T20 Cricket World Cup 2026, certain traffic restrictions will be in place around Arun Jaitley Stadium.
Kindly follow the advisory.#DPTrafficAdvisory pic.twitter.com/awBd2Gfcx8
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) February 9, 2026
स्टेडियम में ले जाने पर रोक
ट्रैफिक पुलिस ने ये भी साफ किया है कि प्रतिबंधित जगहों पर खड़े वाहनों को टो किया जाएगा और नियमों के तहत कार्रवाई होगी. लोगों को स्टेडियम के अंदर लैपटॉप, कैमरा, हेलमेट, बैग, खाने-पीने की चीजें, पानी की बोतल, पावर बैंक, लाइटर, माचिस, चाकू या किसी भी तरह का हथियार ले जाने की अनुमति नहीं होगी.
पहले से यात्रा की योजना बनाने की अपील
यात्रियों और लोगों से अपील की गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ट्रैफिक संकेतों का पालन करें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके.