MI vs KKR Match Today: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नए सीजन में मुंबई इंडियंस अपनी पुरानी चमक लौटाने के इरादे से मैदान में उतरने जा रही है. लंबे समय से खिताब से दूर रही ये टीम इस बार हर विभाग में संतुलित नजर आ रही है और अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगी. दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स कुछ अहम खिलाड़ियों की चोट के कारण थोड़ी कमजोर दिखाई दे रही है, जिससे मुकाबला शुरुआत से ही मुंबई के पक्ष में झुकता नजर आ रहा है.
मुंबई इंडियंस ने 2013 से 2020 के बीच पांच बार IPL का खिताब अपने नाम किया था, लेकिन पिछले कुछ सीजन से वो ट्रॉफी नहीं जीत सकी है. इस बार टीम का लक्ष्य छठा खिताब हासिल करना है. पिछले सीजन में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम क्वालीफायर-2 तक पहुंची थी, लेकिन फाइनल में जगह बनाने से चूक गई. इस बार टीम बेहतर तैयारी और रणनीति के साथ उतरेगी.
रोहित शर्मा की फॉर्म पर नजर
टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा इस सीजन में शानदार वापसी करने के लिए बेताब होंगे. उनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा और जसप्रीत बुमराह जैसे मैच विनर खिलाड़ी टीम को मजबूती देते हैं.
मुंबई के पास कई प्रभावशाली विदेशी खिलाड़ी भी मौजूद हैं, जिनमें रेयान रिकेल्टन, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर और ट्रेंट बोल्ट शामिल हैं. बुमराह और बोल्ट की तेज गेंदबाजी जोड़ी विपक्षी बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है. साथ ही, शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर जैसे अनुभवी भारतीय गेंदबाज टीम को और संतुलन देते हैं. मुंबई इंडियंस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी अंतिम एकादश का सही संतुलन तय करना होगा. टीम की कोशिश रहेगी कि वो इस बार टूर्नामेंट की शुरुआत से ही जीत की लय पकड़ ले, क्योंकि पिछले सीजन में शुरुआती मैचों में खराब प्रदर्शन उसकी कमजोरी रहा है.
केकेआर की गेंदबाजी चिंता का विषय
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन उसका गेंदबाजी आक्रमण कमजोर नजर आ रहा है. चोट के कारण आकाश दीप और हर्षित राणा के बाहर होने से टीम को बड़ा झटका लगा है.
तेज गेंदबाजी में अनुभव की कमी के चलते केकेआर को वरुण चक्रवर्ती से काफी उम्मीदें होंगी. उनके अलावा टीम में कैमरन ग्रीन और सुनील नारायण जैसे ऑलराउंडर मौजूद हैं, जो मैच का रुख बदल सकते हैं.
हेड टू हेड आंकड़े
मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अब तक कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें मुंबई ने 24 मैच जीते हैं, जबकि केकेआर को 11 मैचों में सफलता मिली है.

