Home > लाइफस्टाइल > Peanuts Health Benefit: क्या मूंगफली खाने से यूरिक एसिड बढ़ता है? जानिए इस दावे के पीछे की सच्चाई

Peanuts Health Benefit: क्या मूंगफली खाने से यूरिक एसिड बढ़ता है? जानिए इस दावे के पीछे की सच्चाई

Peanuts Health Benefit: मूंगफली पोषक तत्वों से भरपूर है, लेकिन इसमें मौजूद प्यूरिन शरीर में टूटकर यूरिक एसिड बना सकता है. हालांकि यह बहुत अधिक हाई-प्यूरिन फूड नहीं है, फिर भी जिन लोगों को गाउट, किडनी की समस्या या पहले से हाई यूरिक एसिड है, उन्हें इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए.

By: Ranjana Sharma | Last Updated: February 11, 2026 5:45:29 PM IST



Peanuts Health Benefit : मूंगफली सर्दियों का लोकप्रिय स्नैक ही नहीं, बल्कि प्रोटीन, विटामिन और जरूरी मिनरल्स का अच्छा स्रोत भी मानी जाती है. सस्ती और आसानी से उपलब्ध होने के कारण यह कई लोगों की डाइट का हिस्सा है. लेकिन जिन लोगों को गाउट या हाई यूरिक एसिड की समस्या है, उनके मन में अक्सर सवाल उठता है क्या मूंगफली खाना सुरक्षित है?

मूंगफली और यूरिक एसिड का संबंध

मूंगफली में प्यूरिन नामक तत्व पाया जाता है. जब शरीर में प्यूरिन टूटता है तो उससे यूरिक एसिड बनता है. यदि शरीर में यूरिक एसिड जरूरत से ज्यादा बनने लगे या किडनी उसे ठीक से बाहर न निकाल पाए, तो खून में इसका स्तर बढ़ जाता है. यही स्थिति आगे चलकर गाउट, जोड़ों में दर्द और सूजन का कारण बन सकती है. हालांकि मूंगफली को बहुत हाई-प्यूरिन श्रेणी में नहीं रखा जाता, लेकिन यह पूरी तरह लो-प्यूरिन भी नहीं है। ऐसे में इसकी मात्रा अहम हो जाती है.

कितनी मात्रा सुरक्षित?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सीमित मात्रा में मूंगफली खाना ज्यादातर लोगों के लिए नुकसानदायक नहीं होता. लेकिन जिन लोगों का यूरिक एसिड पहले से बढ़ा हुआ है, उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए. 6-7 कच्ची मूंगफली में करीब 20-25 मिलीग्राम तक प्यूरिन हो सकता है. इसके अलावा 28 ग्राम मूंगफली में लगभग 180-190 कैलोरी और पर्याप्त मात्रा में फैट होता है. ज्यादा कैलोरी और फैट वजन बढ़ाने में योगदान दे सकते हैं, और बढ़ता वजन भी यूरिक एसिड की समस्या को बढ़ा सकता है.

सिर्फ मूंगफली ही नहीं, किडनी भी वजह

डॉक्टर बताते हैं कि हाई यूरिक एसिड का कारण सिर्फ खान-पान नहीं होता. अगर किडनी शरीर से यूरिक एसिड को सही ढंग से बाहर नहीं निकाल पाती, तो भी इसका स्तर बढ़ सकता है. इसके सामान्य लक्षणों में जोड़ों में तेज दर्द, सूजन, अंगूठे के जोड़ में दर्द (गाउट अटैक) और कभी-कभी किडनी स्टोन शामिल हैं.

किन लोगों को रहना चाहिए सावधान?

  • जिन्हें गाउट की समस्या है.
  • जिनका यूरिक एसिड लेवल लगातार हाई रहता है.
  • जिन्हें किडनी से जुड़ी बीमारी है.
  • ऐसे लोगों को मूंगफली और मूंगफली से बने तले-भुने स्नैक्स कम मात्रा में लेने चाहिए या डॉक्टर से सलाह लेकर ही सेवन करना चाहिए.

क्या खाएं?

  • अगर यूरिक एसिड बढ़ा हुआ है तो डाइट में लो-प्यूरिन खाद्य पदार्थ शामिल करना बेहतर माना जाता है
  • ताजी सब्जियां और फल
  • साबुत अनाज
  • पर्याप्त पानी
  • सीमित मात्रा में दालें (बहुत ज्यादा हाई-प्यूरिन वाली दालों से बचें)
  • रेड मीट, ऑर्गन मीट (लीवर, किडनी), कुछ समुद्री भोजन और अत्यधिक प्रोसेस्ड स्नैक्स का सेवन कम करना चाहिए, क्योंकि ये यूरिक एसिड बढ़ा सकते हैं.

हर व्यक्ति की प्रतिक्रिया अलग

यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि हर व्यक्ति का शरीर अलग तरह से प्रतिक्रिया देता है. कुछ लोग सीमित मात्रा में मूंगफली खाकर भी ठीक रहते हैं, जबकि कुछ को थोड़ी मात्रा में भी तकलीफ हो सकती है. यदि मूंगफली खाने के बाद जोड़ों में दर्द या सूजन महसूस हो, तो उसका सेवन बंद कर देना चाहिए.

Advertisement