Home > देश > घायल हूं, इसलिए घातक हूं… AAP के आरोपों पर राघव चड्ढा का तीखा पलटवार; जानें किसको दी चुनौती

घायल हूं, इसलिए घातक हूं… AAP के आरोपों पर राघव चड्ढा का तीखा पलटवार; जानें किसको दी चुनौती

MP Raghav Chadha AAP: राघव चड्ढा ने फेसबुक लाइव के जरिए उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ एक सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है.

By: Shubahm Srivastava | Published: April 4, 2026 6:22:23 PM IST



MP Raghav Chadha News: राघव चड्ढा ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर खुलकर सफाई दी है. फेसबुक लाइव के जरिए उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ एक सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें एक जैसी भाषा और आरोपों को बार-बार दोहराया जा रहा है.

शुरुआत में उन्होंने इन आरोपों को नजरअंदाज करने का फैसला किया था, लेकिन बाद में उन्हें लगा कि बार-बार बोले गए झूठ सच जैसे लगने लगते हैं, इसलिए जवाब देना जरूरी है.

पहला आरोप: वॉकआउट में शामिल न होने का दावा खारिज

राघव चड्ढा (Raghav Chadha) ने पहला आरोप खारिज करते हुए कहा कि यह कहना गलत है कि वह विपक्ष के वॉकआउट में शामिल नहीं होते. उन्होंने चुनौती दी कि ऐसा एक भी दिन साबित किया जाए जब विपक्ष ने वॉकआउट किया हो और उन्होंने साथ न दिया हो. उन्होंने संसद में लगे सीसीटीवी कैमरों का हवाला देते हुए कहा कि फुटेज से सच्चाई सामने लाई जा सकती है.

दूसरा आरोप: याचिका पर साइन न करने की सफाई

दूसरे आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि उन्होंने चीफ इलेक्शन कमिश्नर को हटाने वाली याचिका पर साइन नहीं किए, यह दावा भी गलत है. उनका कहना था कि पार्टी के किसी नेता ने उनसे साइन करने को कहा ही नहीं. साथ ही उन्होंने बताया कि राज्यसभा में पार्टी के कई अन्य सांसदों ने भी इस याचिका पर हस्ताक्षर नहीं किए थे, इसलिए केवल उन्हें निशाना बनाना अनुचित है.

तीसरा आरोप: मुद्दों से भटकने के आरोप पर जवाब

तीसरे आरोप पर राघव चड्ढा ने कहा कि वह संसद में हंगामा करने नहीं, बल्कि जनता के मुद्दे उठाने जाते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने जीएसटी, पानी, पंजाब के जल संकट, दिल्ली की वायु गुणवत्ता, बेरोजगारी और महंगाई जैसे अहम मुद्दों को उठाया है. उनका कहना है कि उनका उद्देश्य प्रभावी बहस करना है, न कि शोर-शराबा.

‘घायल हूं इसलिए घातक हूं’—कड़ा संदेश

अंत में राघव चड्ढा ने अपने विरोधियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि हर झूठ को बेनकाब किया जाएगा और हर आरोप का जवाब दिया जाएगा. उन्होंने अपने बयान में ‘मैं घायल हूं, इसलिए घातक हूं’ जैसी तीखी टिप्पणी करते हुए संकेत दिया कि वह इन आरोपों से पीछे हटने वाले नहीं हैं और आगे भी मजबूती से अपनी बात रखते रहेंगे.

Advertisement