Farewell Retiring Members of Rajya Sabha: उच्च सदन राज्यसभा से कई संसद सदस्य विदा हो रहे हैं. इस मौके पर यानी राज्यसभा में सेवानिवृत्त हो रहे सांसदों के विदाई सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजनीति में कोई पूर्ण विराम नहीं होता. पीएम ने अपने संबोधन में निवर्तमान सांसदों के योगदान को सराहा और विधायी बहसों तथा राष्ट्र-निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया.
वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री और राज्यसभा सांसद HD देवेगौड़ा के बारे में कांग्रेस के नेशनल प्रेसिडेंट और राज्यसभा विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मैं देवेगौड़ा जी को 54 साल से ज़्यादा समय से जानता हूं और मैंने उनके साथ बहुत काम किया है. अपने संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मुझे नहीं पता कि क्या हुआ… .वो मोहब्बत हमारे साथ किए, शादी मोदी साहब के साथ’. सांसदों की विदाई पर कांग्रेस के नेशनल प्रेसिडेंट और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राजनीति में और पब्लिक लाइफ में या फिर देश की सेवा के जुनून के लिए न तो थकते हैं और न ही रिटायर होते हैं.
आठवले पर बोले पीएम, कहा- वह तो एवरग्रीन
वहीं, राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कभी-कभी हम सुनते थे कि सदन में ह्यूमर और सटायर के लिए बहुत मौके हैं. आजकल शायद यह धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन हमारे रामदास आठवले जी एवरग्रीन हैं. आठवले जी जा रहे हैं लेकिन यहां किसी को कोई कमी महसूस नहीं होगी. मुझे पूरा भरोसा है कि वे सटायर और ह्यूमर की भरपूर सेवा करते रहेंगे.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यसभा में कहा कि जाने वाले सभी सांसदों का उत्तम योगदान है. मैं जरूर कहूंगा कि आदरणीय देवगौड़ा जी, खरगे जी, शरद पवार जी ऐसे वरिष्ठ लोग हैं जिनके जीवन का आधे से अधिक उम्र संसदीय कार्य प्रणाली में गई है. इतने लंबे अनुभव के बाद भी सभी नए सांसदों को सीखना चाहिए, वैसे समर्पित भाव से सदन में आना, योगदान करना और समाज से जो जिम्मेदारी मिली है उसके प्रति समर्पित रहना सब वरिष्ठ लोगों से सीखने जैसा है.
‘सांसदों का योगदान, राष्ट्र रखेगा याद’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यहां से कुछ साथी विदाई ले रहे हैं कुछ फिर से आने के लिए विदाई ले रहे हैं और कुछ विदाई के बाद यहां का अनुभव लेकर जीवन में विशेष योगदान के लिए जा रहे हैं. जो जा रहे हैं लेकिन आने वाले नहीं हैं उनको मैं कहना चाहूंगा कि राजनीति में पूर्णविराम नहीं होता है. भविष्य आपका इंतजार कर रहा है. आपका अनुभव और आपका योगदान राष्ट्र जीवन में हमेशा बना रहेगा.

