Today Weather: मौसम लेगा करवट, दिल्ली-एनसीआर में बारिश के आसार, अन्य राज्यों में ऐसा रहेंगा हाल
Today Weather: दिल्ली-एनसीआर में जहां बारिश के आसार हैं, वहीं उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी लगातार बढ़ रही है. राजस्थान और गुजरात में लू जैसे हालात बनने लगे हैं, जबकि मुंबई में उमस लोगों को परेशान कर रही है. दूसरी ओर दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते हल्की बारिश और राहत की संभावना है.
Aaj Ka Mausam 29 March 2026: : दिल्ली और एनसीआर में आज बारिश होने की संभावना जताई गई है. सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे अप्रैल की शुरुआत में ही लू जैसे हालात बनने के संकेत मिल रहे हैं.
उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है. इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 36 डिग्री तक पहुंच सकता है. मैदानी इलाकों में धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर और तेज होगा. वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी हल्की ठंडक बनी हुई है, हालांकि दिन में तेज धूप के कारण तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है.
राजस्थान में बढ़ी गर्मी, कई इलाकों में लू जैसे हालात
राजस्थान में गर्मी ने तेजी पकड़ ली है और मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है. राज्य के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच रहा है. पश्चिमी इलाकों जैसे जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर में लू जैसे हालात बनने लगे हैं. वहीं जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक गर्मी पड़ने की चेतावनी देते हुए लोगों को दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी है.
मुंबई में समुद्री प्रभाव के कारण उमस भरी गर्मी बनी हुई है. यहां तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह रहा है, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
गुजरात में स्थिति और ज्यादा गर्म है, जहां तापमान 35 से 39 डिग्री तक पहुंच चुका है और कई इलाकों में तेज गर्म हवाएं चल रही हैं.
दक्षिण भारत के राज्यों जैसे तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है. इन क्षेत्रों में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो गई हैं, जिसके चलते कई जगहों पर बादल छाने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.