BJD Suspended Six MLAs: बीजू जनता दल (BJD) में राज्यसभा चुनाव के बाद बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. पार्टी के कुछ विधायकों पर क्रॉस-वोटिंग का आरोप लगने के बाद माहौल गरमा गया है. उन विधायकों पर पार्टी हाईकमान ने बड़ा एक्शन लेते हुए पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण 6 विधायकों को पार्टी से तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया.
पहले दिया था शो-कॉज नोटिस
इससे पहले पार्टी ने सख्त रुख अपनाते हुए छह विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. प्रमिला मल्लिक जो पार्टी की मुख्य सचेतक हैं, ने इन विधायकों से पूछा है कि पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए. सभी को 20 मार्च शाम 5 बजे तक लिखित जवाब देने का निर्देश दिया गया है.
पार्टी से निलंबित किए गए विधायक
1. चक्रमणि कन्हार, विधायक, 82- बालीगुड़ा
2. नबा किशोर मल्लिक, विधायक, 111-जयदेव
3. सौविक बिस्वाल, विधायक, 91-चौद्वार-कटक
4. श्रीमती. सुबासिनी जेना, विधायक, 37-बस्ता
5. रमाकांत भोई, विधायक, 102-तिर्तोल
6. देवीरंजन त्रिपाठी, विधायक, 88-बंकी
क्रॉस-वोटिंग का आरोप
बीजेडी के अनुसार, 16 मार्च को हुए मतदान के दौरान इन विधायकों ने पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर वोट किया. आरोप है कि उन्होंने बीजेडी उम्मीदवार दत्तेश्वर होता के बजाय भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय को वोट दिया. मतदान के दौरान मतपत्र दिखाने की प्रक्रिया में यह स्पष्ट हो गया कि पार्टी के साथ भीतरघात हुआ है.
चुनाव नतीजों पर पड़ा असर
इस क्रॉस-वोटिंग का सीधा असर चुनाव परिणाम पर पड़ा. दिलीप राय को जीत मिली, जबकि बीजेडी और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा. इस घटना ने पार्टी के अंदर अनुशासन और निष्ठा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, और आगे सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.

