Inspector Vinay tyagi On Atiq Ahmed: माफिया से नेता बने अतीक अहमद की मौत के बाद भी उसका नाम एक बार फिर चर्चा में आ गया है. हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर 2’ में अतीक से मिलता-जुलता किरदार दिखाए जाने के बाद यह मुद्दा फिर सुर्खियों में है. इसी बीच उसे गिरफ्तार करने वाले तत्कालीन इंस्पेक्टर विनय त्यागी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. यह वही अधिकारी हैं जिन्होंने राजू पाल हत्याकांड में अतीक को दिल्ली के गालिब अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था.
गिरफ्तारी के दौरान क्या हुआ
विनय त्यागी ने न्यूज18 इंडिया से बात करते हुए कहा कि, जब उन्होंने अतीक अहमद की कनपटी पर पिस्टल लगाई, तो वह घबरा गया और डर के कारण उसकी पैंट में पेशाब निकल गई. उस समय तापमान करीब 6 डिग्री था. इसके बाद अतीक ने पानी मांगा और दो बोतल पानी पी गया. उन्होंने बताया कि राजू पाल हत्याकांड के बाद अतीक लगातार जगह बदलता रहा—कभी मुंबई, कभी दिल्ली की जामा मस्जिद इलाके और अंत में गालिब अपार्टमेंट में छिपा रहा.
ऐसे हुआ था अरेस्ट ऑपरेशन
विनय त्यागी ने बताया कि उन्हें अतीक अहमद की लोकेशन एक आरोपी की बातचीत से मिली थी. शाम करीब 4 बजे अतीक ग्रीन रंग की सफारी और गोल्ड कैप पहनकर फ्लैट से निकला और होंडा सिटी कार में बैठने लगा. तभी पुलिस टीम ने उसकी गाड़ी को घेर लिया. उस वक्त अतीक को लगा कि यूपी एसटीएफ ने उसे पकड़ लिया है और वह एनकाउंटर के डर से सहम गया. लेकिन जब उसे पता चला कि यह दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल है, तो उसे राहत मिली कि वह मुठभेड़ से बच गया.
आपराधिक छवि और अन्य खुलासे
विनय त्यागी ने अतीक को ‘वुमनाइजर’ बताते हुए कहा कि उसके खिलाफ कई गंभीर आरोप थे. डिफेंस कॉलोनी में उसने करोड़ों की संपत्ति पर कब्जा कर रखा था, जिस पर FIR दर्ज थी. उस समय तक स्पेशल सेल को उसके खिलाफ 111 मामलों की जानकारी मिल चुकी थी. इसके अलावा, शिवानी भटनागर हत्याकांड की जांच के दौरान एक तत्कालीन कैबिनेट मंत्री द्वारा दबाव और फेवर मांगने की बात भी सामने आई. ये खुलासे अतीक की आपराधिक और विवादित छवि को और उजागर करते हैं.

