Home > मनोरंजन > Thalapathy Vijay divorce case: अभिनेता थलापति विजय के घर में कलह, पत्नी संगीता ने दायर की तलाक की अर्जी

Thalapathy Vijay divorce case: अभिनेता थलापति विजय के घर में कलह, पत्नी संगीता ने दायर की तलाक की अर्जी

Thalapathy Vijay divorce case: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार और टीवीके के प्रमुख विजय की पत्नी संगीता सोर्नलिंगम ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत अदालत में तलाक की याचिका दायर की है. याचिका में उन्होंने विजय पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

By: Ranjana Sharma | Published: February 27, 2026 6:07:11 PM IST



Thalapathy Vijay divorce case: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार और टीवीके के प्रमुख थलापति विजय की निजी जिंदगी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. उनकी पत्नी संगीता सोरनलिंगम ने उनसे तलाक की मांग करते हुए अदालत में याचिका दायर की है. यह मामला 27 फरवरी  को सामने आया.

तलाक की अर्जी दायर की

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संगीता ने स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत तलाक की अर्जी दाखिल की है. याचिका में उन्होंने व्यभिचार (धारा 27(1)(a) और क्रूरता (धारा 27(1)(d)) को आधार बनाया है. अर्जी में दावा किया गया है कि वर्ष 2021 में उन्हें पता चला कि विजय एक अभिनेत्री के साथ रिश्ते में हैं. संगीता का आरोप है कि विजय ने संबंध खत्म करने का वादा किया था, लेकिन बाद में उन्होंने न तो कोई पछतावा जताया और न ही रिश्ता खत्म किया.

25 साल पुराना रिश्ता

विजय और संगीता की शादी अगस्त 1999 में हुई थी. दोनों का वैवाहिक जीवन 25 साल से अधिक पुराना है. इस दंपति के दो बच्चे हैं- बेटा जेसन संजय और बेटी दिव्या साशा. बताया जा रहा है कि यह मामला फिलहाल जिला अदालत में विचाराधीन है.

राजनीति में सक्रिय हुए विजय

दक्षिण भारतीय फिल्मों में ‘तलपति’ के नाम से लोकप्रिय विजय ने हाल ही में अभिनय से दूरी बनाकर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की है. वे अपनी पार्टी टीवीके के प्रमुख हैं और तमिलनाडु की राजनीति में नई ताकत के रूप में उभर रहे हैं. इसी बीच उनके निजी जीवन से जुड़ी यह खबर सुर्खियों में आ गई है. हालांकि, अब तक विजय या उनकी ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

लंदन में रहती हैं संगीता

रिपोर्ट्स के अनुसार संगीता फिलहाल लंदन में रह रही हैं और परिवार लंबे समय से अलग-अलग स्थानों पर रह रहा है. अभिनेत्री के साथ संबंध के आरोप को ही आधार बनाकर उन्होंने अदालत से तलाक देने की मांग की है. इस खबर के सामने आते ही फैंस के बीच हलचल तेज हो गई है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में यह मामला किस दिशा में आगे बढ़ता है.

Advertisement